धान खरीदी : सात दिन पहले कटाना होगा टोकन, ग्रामवार औसत उत्पादन पर रखी जायेगी निगरानी

अवैध धान बिक्री में संलिप्तता एवं गड़बड़ी करने वालों पर होगी एफआईआर दर्ज, लघु-सीमांत किसानों का 2 एवं बड़े किसानों का 3 टोकन कटेगा
किरीट ठक्कर,गरियाबंद । जिले में 14 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर होने वाले धान खरीदी के सुचारू संपादन के लिए कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक ली। उन्होंने ब्रांच मैनेजरों, खाद्य निरीक्षकों एवं धान खरीदी केन्द्रों में पदस्थ डाटा एन्ट्री ऑपरेटरों की बैठक लेकर धान खरीदी की सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
गड़बड़ी पर होगी एफआईआर
कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता एवं गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। जिले के पंजीकृत किसानों से सुविधाजनक रूप से धान खरीदी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध धान के भंडारण और विक्रय की गतिविधि नहीं होनी चाहिये। इन कार्यों में गड़बड़ी एवं अधिकारी-कर्मचारियों की संलिप्तता पाये जाने पर संबंधितों पर एफआईआर दर्ज की कार्यवाही की जायेगी।
सात दिन पहले टोकन
धान खरीदी के दौरान लघु एवं सीमांत किसानों का 2 एवं बड़े किसानों का 3 टोकन काटा जायेगा। किसानों को धान खरीदी दिवस के सात दिन पहले टोकन कटाना होगा। गांववार औसत धान के उत्पादन एवं बिक्री पर नजर रखी जायेगी। औसत से असामान्य एवं बहुत अधिक मात्रा में धान खरीदी पर कड़ी निगरानी रखी जायेगी। 7 नवम्बर से टोकन काटने का कार्य प्रारंभ हो जायेगा। किसान समिति एवं टोकन तुहंर हाथ मोबाईल एप के माध्यम से भी टोकन प्राप्त कर सकेंगे।
7 नवम्बर को ट्रायल
कलेक्टर अग्रवाल ने सभी तैयारियों को पूर्ण कर 7 नवम्बर को धान खरीदी का ट्रायल रन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस दौरान बैठक में जिला खाद्य अधिकारी सुधीर गुरु, डीएमओ अमित चंद्राकर, सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी गोस्वामी, सहायक पंजीयक उषा ध्रुव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।