हिट एंड रन में हिरण शिकार के 6 आरोपी गिरफ्तार, 26.65 किलो मांस बरामद
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
गरियाबंद। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के वन अमले ने 05 अगस्त 2025 को तड़के एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हिरण शिकार के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 26.65 किलोग्राम कच्चा चीतल (हिरण) का मांस, कुल्हाड़ी, हंसिया, चाकू एवं अन्य काटने के औजार जब्त किए गए।
वन विभाग को गोपनीय सूचना मिली थी कि कोयबा-इंदागांव के बीच मुख्य मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने एक मादा चीतल को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। जांच में वन अमले को मृत चीतल का खून दुर्घटनास्थल पर मिला। आगे खोजबीन में पास की झोपड़ी में काटने के साक्ष्य और कपड़े में बंधा हुआ कच्चा मांस बरामद हुआ।
जांच में पता चला कि ग्राम कोयबा के 6 ग्रामीण मृत चीतल को उठाकर झोपड़ी में लाए और सब्जी बनाने के उद्देश्य से उसे काटकर 6 हिस्सों में बांटकर अपने-अपने खेत और टीकरा में छिपा दिया।
वन विभाग ने आरोपी जीवन लाल मांझी से पूछताछ कर अन्य 5 आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में —
जीवन लाल व. देवसिंह मांझी (37 वर्ष), रुपधर व.चैनसिंह (35 वर्ष) दीपचंद व. रामप्रसाद यादव (41 वर्ष) बिहारीलाल व. रामजी ध्रुव (48 वर्ष) खगेश्वर व. दुर्बल सोरी (50 वर्ष) नाथुराम व. बैदराम मरकाम (72 वर्ष)
सभी ग्राम कोयबा, थाना इंदागांव, जिला गरियाबंद के निवासी हैं।
अनुप जांगड़े गेमगार्ड की रिपोर्ट पर पी.ओ.आर. क्रमांक 83/03, दिनांक 05.08.2025 के तहत वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धाराओं 31, 39(3), 50, 51 एवं 52 के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना अधिकारी मनोज कुमार ध्रुव (सहायक परिक्षेत्र अधिकारी, कोयबा) ने आरोपियों को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय देवभोग में पेश किया गया।
हिरण को टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की तलाश जारी है।
कार्रवाई में गोपाल कश्यप (एन्टी पोचिंग टीम नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक उदंती, मैनपुर), सुशील सागर (वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदागांव), चन्द्रबली ध्रुव (वन परिक्षेत्र अधिकारी दक्षिण उदंती), धर्मेन्द्र सिंह सोनवानी (परिक्षेत्र सहायक करलाझर), मनोज कुमार ध्रुव (परिक्षेत्र सहायक कोयबा) सहित वन अमला एवं पेट्रोलिंग श्रमिक मौजूद रहे।







