
Oplus_16908288
स्वास्थ्य सचिव के नाम सौपा ज्ञापन
गरियाबंद। पिछले 17 अगस्त 2025 से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों द्वारा अपनी 10 मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल को आम आदमी पार्टी जिला इकाई द्वारा समर्थन दिया गया है।
आप के जिला अध्यक्ष चमन यादव ने कहा कि 16000 कर्मचारियों के सामूहिक इस्तीफा पर सरकार द्वारा अनदेखी किया जाना उचित नहीं है। इस मामले में आम आदमी पार्टी द्वारा 8 सितंबर को जिले के उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया है।
आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष चमन यादव ने कहा कि हड़ताली 25 कर्मचारियों को बर्खास्त करना कर्मचारियों के साथ अन्याय है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा सत्ता में आने के पहले अपने घोषणा पत्र में कहा था कि 100 दिन के अंदर एक कमेटी बनाकर सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों का नियमितीकरणकिया जायेगा।लेकिन आज भाजपा अपने वादे से मुकर रही है, हड़ताल से अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हुई हैं और मरीजों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि NHM कर्मचारियों की सेवा अत्यंत जरुरी सेवाओं में से एक है और कर्मचारी अपने नियमितीकरण की मांग कर रहें हैं। वैसे भी छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य व्यवस्था अत्यंत लचर है सरकार उनकी मांग मानने की बजाय उन्हें सेवा से पृथक कर रही है, इस तरह की कार्यवाही को असंवेदनशीलता ही माना जाये।
आप जिलाध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा एनएचएम कर्मचारियों को गुमराह किया जा रहा है,उनके नियमितीकरण को, छत्तीसगढ़ सरकार केंद्रीय सरकार के पाले में डाल रही है, जबकि नियमितीकरण राज्य सरकार के हाथ में है, यदि ऐसा नहीं होता तो घोषणा पत्र में एनएचएम कर्मियों के नियमतिकरण के वादे नही किये जाते।
चमन यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी NHM कर्मचारियों के साथ है और सरकार से मांग करती है कि बर्खास्त 25 NHM कर्मचारियों की बहाली की जाये और कार्य नहीं वेतन नहीं सिद्धांत की बजाय सभी हड़ताली कर्मचारियों को हड़ताल अवधी का भी पूरा वेतन दिया जाये और यदि सरकार जल्द ही मांगों को पूरा नहीं करती है तो आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी और स्वास्थ्य मंत्री के बंगले का घेराव करेगी।
इस दौरान आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी महेश यादव लोकसभा अध्यक्ष महासमुंद, हरीश पटेल जिला अध्यक्ष यूथ विंग,जिला सचिव नन्दलाल यादव, जिला सचिव पुष्पक लाल जगत,ब्लॉक अध्यक्ष राजिम भूपेंद्र राव,ब्लॉक छुरा यूथ विंग दलेश्वर नागेश,ब्लॉक गरियाबंद यूथ विंग नवीन गायकवाड उपस्थित रहे।