छुरा /गरियाबंद। नगर पंचायत छुरा में जनसमस्याओं को लेकर स्थानीय नागरिकों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है,स्थानीय नागरिकों के अनुसार,सुशासन तिहार के दौरान इन समस्याओं को लेकर कई आवेदन और शिकायतें प्रशासन को सौंपे गये थे, किन्तु अब तक अधिकांश मामलों में न तो स्पष्ट कार्रवाई हुई है और न ही शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक जवाब मिला है। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर आम लोगों के बीच नाराजगी व्याप्त हो रही है।

मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 10 में स्थानीय लोगों ने शिकायत की है,कि माधवराम और उसके परिजन के द्वारा सीसी रोड के एक हिस्से पर तारबंदी कर सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण किया गया है। नागरिकों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने तथा सार्वजनिक मार्ग को पूर्व स्थिति में बहाल करने की मांग की है।
इसी प्रकार,नगर के प्रमुख आस्था केंद्र सोनई-रुपई देवी स्थल के आसपास ऐसे ठेले और खाद्य सामग्री की दुकान संचालित है,जिसकी वजह से देवी स्थल के आस पास कूड़ा-कचरा व गंदगी देखी जा रही है। मांग की जा रहा है कि,धार्मिक स्थल के आसपास नियमित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छ वातावरण बनाये रखने के लिये नगर पंचायत को प्रभावी व्यवस्था करनी चाहिये,ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और स्थल की पवित्रता बनी रहे।
किराये पर पीएम आवास
छुरा नगर के शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कुछ आवास स्वयं हितग्राहियों द्वारा उपयोग किये जाने के बजाय किराये पर दे दिये गये हैं। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने आवास योजना का लाभ लिया,आवास बनाये भी किन्तु स्वयं उसमें निवास करने की बजाये बाहरी राज्य,विशेषकर मध्य प्रदेश के लोगों को किराये पर दे दिये गये हैं । नागरिकों ने इस मामले की भी निष्पक्ष जांच कर पात्रता,नियमों और आवास आबंटन की शर्तों के अनुरूप कार्रवाई किये जाने की मांग की है।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध अतिक्रमण हटाने,सार्वजनिक मार्गों को व्यवस्थित करने,धार्मिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने,आवास योजना से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने सहित सभी लंबित शिकायतों पर पारदर्शी,निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई की जाये।
इस मामले में नगर पंचायत छुरा के सीएमओ अशोक सलामे ने कहा है कि संबंधितों को दो-तीन नोटिस दिया जा चुका है,अगली कार्यवाही भी समय पर कर दी जायेगी।







