गायत्री शक्ति पीठ गरियाबंद में विधि-विधान से सम्पन्न हुआ होलिका दहन

Oplus_16908288

Oplus_16908288

किरीट ठक्कर, गरियाबंद। नगर के गायत्री शक्ति पीठ में होलिका दहन का आयोजन पूर्ण सात्विक वातावरण में विधि-विधान से सम्पन्न हुआ। संध्या आरती और पूजन के पश्चात, रात्रि के प्रथम प्रहर में श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ होलिका दहन किया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक अपने परिवारजनों सहित उपस्थित रहे और पारंपरिक विधियों का पालन करते हुए पूजन में भाग लिया।

गायत्री शक्ति पीठ गरियाबंद में होलिका दहन

गायत्री शक्ति पीठ के प्रमुख कार्यकर्ता केशव साहू ने बताया कि 1990 में इस पीठ की स्थापना नगर के प्रमुख मार्ग के समीप की गई थी, जहां माता गायत्री की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही धार्मिक अनुष्ठानों की परंपरा प्रारंभ हुई। तब से प्रतिवर्ष होली के अवसर पर यहां सात्विक वातावरण में होलिका दहन किया जाता है।

नरसिंह भगवान का आह्वान और बुरी शक्तियों का नाश

होलिका दहन से पूर्व भगवान नरसिंह नाथ का आव्हान, पूजन एवं कथा वाचन किया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रूप से होलिका पूजन कर अग्नि प्रज्वलित की। नागरिकों ने सपरिवार होलिका की परिक्रमा कर गायत्री मंत्रों के उच्चारण के साथ पूर्णाहुति दी। महिलाओं ने अपने परिजनों के शरीर से बला और बुरी नजर उतारकर होलिका में होम किया।

होलिका दहन , गरियाबंद

इस अवसर पर नागरिकों ने अपनी बुरी आदतों एवं व्यसनों का परित्याग करने का संकल्प लिया। होलिका दहन के उपरांत लोगों ने अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और फाग गीतों की मधुर गूंज देर रात तक सुनाई देती रही।

नगर में उल्लास का माहौल

गायत्री शक्ति पीठ में आयोजित इस पावन अनुष्ठान में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस धार्मिक आयोजन से नगर में सौहार्द्र, आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति भाव का संचार हुआ।

मुख्य खबरें