रायपुर। छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की प्रदेश स्तरीय बैठक रविवार को रायपुर स्थित चंद्राकर समाज भवन, डंगनिया में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू ने की। इसमें विभिन्न पिछड़ा वर्ग समाजों के प्रदेश अध्यक्षों, पूर्व पदाधिकारियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में “एक प्रदेश, एक संगठन” के सिद्धांत पर सहमति व्यक्त करते हुए प्रदेश के सभी जिलों में संगठन विस्तार करने का निर्णय लिया गया। जिन जिलों में संगठन का गठन नहीं हुआ है, वहां विभिन्न पिछड़ा वर्ग समाजों के प्रमुखों की उपस्थिति में संगठन विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में सरगुजा और बस्तर संभाग में पिछड़ा वर्ग के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को बढ़ाने, जातिगत जनगणना तथा आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान प्रदेश, संभाग एवं युवा प्रकोष्ठ के लिए नये पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। नरेश राजवाड़े को प्रदेश महामंत्री तथा कोमल निषाद को युवा प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। वहीं प्रवीण साहू को रायपुर संभाग अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में दिनेश चंद्राकर, धनिराम विश्वकर्मा, अजय नायक, टहलराम साहू, शान्तनु साहू, मनोहर निषाद, रवि देवांगन, मोहनदास मानिकपुरी, सालिकराम यादव, कारियाराम दीवान सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक में सामाजिक एकता और पिछड़ा वर्ग के अधिकारों को लेकर संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।







