देवभोग/गरियाबंद। जनपद पंचायत देवभोग अंतर्गत ग्राम पंचायत खुटगांव में निर्मित सीसी रोड एवं शेड निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया को लेकर शिकायत सामने आई है। मामले में ग्रामीणों द्वारा संबंधित निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कराये जाने तथा अनियमितताओं पर कार्रवाई की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खुटगांव निवासी एवं भाजपा बूथ अध्यक्ष प्रेम मांझी ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवभोग को आवेदन प्रस्तुत कर वित्तीय वर्ष 2025-26 में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण मद से निर्मित सीसी रोड कार्य की जांच की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुख्य मार्ग से टेकराज के घर तक निर्मित सीसी सड़क में निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता मापदंडों का पालन नहीं किया गया। निर्माण में निम्न गुणवत्ता की सामग्री उपयोग किये जाने के कारण सड़क निर्माण के कुछ ही समय बाद दरारें पड़ने लगी हैं, जिससे सड़क की टिकाऊपन और गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गये हैं। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्माण कार्य में शासकीय राशि के दुरुपयोग तथा अनियमितता की आशंका है।
शिकायतकर्ता ने सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत खुटगांव में मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत शेड निर्माण व सीसी रोड निर्माण कार्यों को लेकर सुधीर दौरा द्वारा भी शिकायत दर्ज कराई गई है। इस संबंध में ग्राम टिकरापारा निवासी सुधीर दौरा द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर संज्ञान लेते हुये अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवभोग द्वारा 16 जून 2026 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत देवभोग को पत्र प्रेषित कर आवश्यक जांच एवं कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं।
लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद अब ग्राम पंचायत खुटगांव में हुये निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सुधीर दौरा के अनुसार शेड निर्माण कार्य में उपयोग की गई सामग्री व निर्माण कार्य की गुणवत्ता स्वीकृति राशि के अनुरूप नही है। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित कार्यों की स्वतंत्र तकनीकी जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाये तथा दोषी पाये जाने पर जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाये।







