गरियाबंद। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने रविवार को चींगरापगार,जतमई,घटारानी तथा विश्व प्रसिद्ध प्राकृतिक शिवलिंग भूतेश्वर नाथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुये पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग मचाने, शांति भंग करने तथा नशा करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को भी चेतावनी देते हुये कहा कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाये जाने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जायेगा।
एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को पर्यटन स्थलों पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिये विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि गरियाबंद के प्राकृतिक और धार्मिक पर्यटन स्थलों पर आने वाले प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों और पर्यटकों से भी सहयोग की अपील करते हुये कहा कि गरियाबंद अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था के लिये प्रसिद्ध है। इसकी स्वच्छता और गरिमा बनाये रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से पर्यटन स्थलों पर गंदगी न फैलाने,प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा इन स्थलों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।
There is no ads to display, Please add some
