DEO की समीक्षा बैठक में विद्यालयवार परिणामों का विश्लेषण, कमजोर विद्यार्थियों के लिये उपचारात्मक शिक्षण पर जोर
गरियाबंद। हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों की तिमाही परीक्षा में कक्षा 10वीं और 12वीं के खराब परीक्षा परिणाम को लेकर जिला शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) राजेश चंद्राकर एवं नोडल अधिकारी श्याम चंद्राकर के नेतृत्व में विनोबा टीम के साथ गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी विषय के व्याख्याताओं की विकासखंडवार समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है।
बैठक में प्रत्येक विद्यालय के परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर कमजोर प्रदर्शन के कारणों की पड़ताल की जा रही है। साथ ही शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिये उपचारात्मक शिक्षण की कार्ययोजना तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है।

कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ के निर्देश पर आयोजित इन बैठकों में विद्यालयवार तीन से चार घंटे तक विस्तार से समीक्षा की जा रही है। इसमें विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, नियमित एवं प्रभावी अध्यापन, सतत मूल्यांकन, कक्षा में विद्यार्थियों के साथ संवाद और सभी स्तर के बच्चों पर व्यक्तिगत ध्यान देने जैसे विषयों पर चर्चा की जा रही है। विशेष रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिये अतिरिक्त प्रयास करने तथा कठिन विषयों और अध्यायों पर अधिक समय देने के निर्देश दिये जा रहे हैं।
समीक्षा के दौरान प्राचार्यों को नियमित रूप से कक्षाओं में पहुंचकर अध्यापन कार्य का निरीक्षण करने और कक्षा की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा जा रहा है।
विद्यार्थियों के पियर ग्रुप परफॉर्मेंस, ब्लूम्स टैक्सोनॉमी (Bloom’s Taxonomy) आधारित अध्यापन, प्रश्नोत्तर के माध्यम से बच्चों की समझ का आकलन तथा शिक्षकों द्वारा पूरी तैयारी के साथ कक्षा में पहुंचने जैसे बिंदुओं पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
जिन विद्यालयों में विषय विशेषज्ञ व्याख्याताओं की कमी है, वहां उपलब्ध स्नातक शिक्षकों की विषयगत योग्यता के आधार पर अध्यापन की वैकल्पिक व्यवस्था करने पर भी चर्चा की गई। उद्देश्य यह है कि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और सभी विषयों का नियमित अध्यापन सुनिश्चित किया जा सके।
इस पूरी प्रक्रिया में DEO, DMC, BEO, BRC, संकुल प्राचार्य एवं CAC द्वारा सघन मॉनिटरिंग की जा रही है। इसमें शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति,पढ़ाई का स्तर, शैक्षणिक उपलब्धि और कक्षागत अध्यापन की गुणवत्ता का आकलन किया जा रहा है।
जिले के शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रदर्शन बेहद कमजोर पाया जायेगा, वहां संबंधित प्राचार्य और खराब प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी।
विभाग का जोर केवल परीक्षा परिणामों की समीक्षा तक सीमित न रहकर शिक्षण व्यवस्था में वास्तविक सुधार लाने और आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने पर है।
