कलेक्टर की सख्ती के बाद एक्शन में खनिज विभाग : दो हाईवा जब्त

भंडारण से लेकर उत्खनन और परिवहन तक टास्क फोर्स की नजर, फिंगेश्वर और पाण्डुका थाने की अभिरक्षा में जब्त वाहन..

IMG-20261119-WA0006

 

भंडारण से लेकर उत्खनन और परिवहन तक टास्क फोर्स की नजर, फिंगेश्वर और पाण्डुका थाने की अभिरक्षा में जब्त वाहन

गरियाबंद। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन की सख्ती के बाद खनिज विभाग एक्शन मोड में नजर आने लगा है। कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में शिकायतों के आधार पर जांच और औचक निरीक्षण करते हुये अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त दो हाईवा वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों को सुरक्षार्थ फिंगेश्वर और पाण्डुका थाने की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग को 16 नवंबर को छुरा तहसील के ग्राम सरकड़ा स्थित पैरी नदी क्षेत्र में रात के समय अवैध रेत उत्खनन की शिकायत मिली थी। इस पर विभागीय टीम ने ग्रामीणों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर जांच की। हालांकि निरीक्षण के दौरान अवैध उत्खनन और परिवहन की गतिविधियां बंद पाई गईं। ग्रामीणों ने बताया कि रेत खदान प्रारंभ करने के लिये भूमिपूजन किया गया है, लेकिन अभी तक उत्खनन और परिवहन शुरू नहीं हुआ है।

 

वहीं 17 नवंबर को फिंगेश्वर क्षेत्र में स्वीकृत रेत खदान गदहीडीह (गणेशपुर), सुखा नदी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान रेत का अवैध परिवहन करते एक हाईवा पकड़ा गया। इसी कार्रवाई में निम्न श्रेणी के चूनापत्थर का अवैध परिवहन करते एक अन्य हाईवा भी जब्त किया गया। रेत परिवहन में संलिप्त वाहन को थाना फिंगेश्वर तथा चूनापत्थर परिवहन करने वाले वाहन को थाना पाण्डुका की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग के अनुसार अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त वाहनों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत कार्रवाई की जायेगी।

गौरतलब है कि जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन के साथ ही भंडारण को लेकर भी प्रशासन ने निगरानी बढ़ाई है। जिला स्तरीय टास्क फोर्स के माध्यम से इन गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ऐसे में खनिज विभाग की ताजा कार्रवाई को अवैध खनिज कारोबार पर नियंत्रण की दिशा में प्रशासन की सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page