

किरीट ठक्कर, गरियाबंद। जिले के छुरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम रूवाड में हाई स्कूल भवन की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं और पालकों ने मंगलवार 11अगस्त को तालाबंदी कर दी थी, इस सांकेतिक तालाबंदी के बाद ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर विगत पांच दिनों से अनवरत आंदोलन छेड़ दिया है। इस गांव के ग्रामीण प्रतिदिन वार्ड-वार क्रमिक रूप से स्कूल गेट के बाहर लगातार पांच दिनों से धरने पर बैठे हैं।

लगातार आंदोलनरत छात्रों और पालकों ने इस बार 15 अगस्त को स्वत्रंता दिवस स्कूल में नही, बल्कि स्कूल के बाहर मनाने का निर्णय लिया। आज उसी निर्णय के अनुसार स्कूल के छात्रों व पालकों व ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर ध्वजारोहण किया। बताया जा रहा है कि इस दौरान गांव का एक भी नागरिक स्कूल के अंदर ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल नही हुआ। स्कूल के अंदर स्कूली स्टाफ द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
आपको बता दें कि इस गांव में विगत 15 वर्षों से हाई स्कूल स्तर पर कक्षा 12 वीं तक की कक्षायें संचालित हो रही है, किन्तु हाई स्कूल स्तर के लिये आज तक समुचित भवन नहीं बन सका है। यहां प्राथमिक से लेकर हाई स्कूल तक की कक्षायें अलग -अलग भवनों और टीन शेड के सहारे अलग-अलग पालियों में संचालित की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार हाई स्कूल भवन के लिये, हम लंबे अर्से से शासन-प्रशासन साथ ही जनप्रतिनिधियों को लिखित मौखिक आवेदन-निवेदन कर थक चुके हैं, किन्तु मांग उपेक्षित ही रही। अब बच्चों के भविष्य व शिक्षा स्तर में सुधार की चिंता में हमें कड़ा कदम उठाना पड़ रहा है। जब तक कोई ठोस कार्रवाई होती नही दिखेगी, – हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
There is no ads to display, Please add some


