देवभोग में पदस्थ दुष्यंत साहू की लेखपाल के मूल पद पर गरियाबंद वापसी
गरियाबंद। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 30 अक्टूबर को जारी किये गये दो अलग-अलग स्थानांतरण आदेशों से प्रदेश के नगरीय निकायों में प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। इन आदेशों के तहत कुल 76 अधिकारियों-कर्मचारियों की पदस्थापना में बदलाव किया गया है।
पहली सूची में 53 और दूसरी सूची में 23 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। इसके साथ ही पूर्व में जारी चार पदस्थापना आदेशों में भी संशोधन किया गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल का असर गरियाबंद जिले के नगरीय निकायों पर भी पड़ा है। नगर पालिका परिषद गरियाबंद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी संध्या वर्मा का स्थानांतरण नगर पंचायत अभनपुर किया गया है। वहीं, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (ख वर्ग) मोबिन अली को नगर पालिका परिषद गरियाबंद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पदभार ग्रहण करने के साथ ही पालिका की प्रशासनिक व्यवस्था में नेतृत्व परिवर्तन होगा।
इसी तरह नगर पंचायत देवभोग में पदस्थ दुष्यंत साहू की भी गरियाबंद वापसी होगी। उन्हें उनके मूल पद लेखपाल पर पदस्थ किया गया है।
विभागीय आदेश में स्थानांतरित अधिकारियों-कर्मचारियों को सात दिवस के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिये गये हैं। निर्धारित समयावधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों का वेतन पुराने पदस्थापना स्थल से आहरित नहीं किये जाने का स्पष्ट निर्देश भी जारी किया गया है।
