टाइगर रिजर्व में वन्यप्राणी शिकार का मामला, सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यप्राणी के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुये ओडिशा के 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों पर वन्यप्राणी सामान्य लंगूर (बंदर) के शिकार और उसके मांस का उपयोग किए जाने का आरोप है।
वन विभाग के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को अनुसूची-2 में दर्ज वन्यप्राणी सामान्य लंगूर के अवैध शिकार एवं जब्ती कार्रवाई के मामले में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की थी। वन परिक्षेत्र तौरेंगा अंतर्गत परिसर गरीबा, आरक्षित वन क्षेत्र में कक्ष क्रमांक 1200 के पास दो लंगूरों का अवैध शिकार किया गया था।
मौके से वन विभाग की टीम ने 13.800 किलोग्राम कच्चा मांस, अपराध में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी,चार छुरी, एक पनसुल, चार पीला थैला, एक मोटरसाइकिल (एचएफ डीलक्स, क्रमांक CG04ME3970) सहित अन्य सामग्री जब्त की थी।
मामले में पहले तीन आरोपियों को 26 अक्टूबर को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्रथम श्रेणी गरियाबंद के न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इसके बाद फरार चल रहे अन्य चार सह-आरोपियों को भी गिरफ्तार कर विभागीय कार्रवाई पूरी की गई। सभी सात आरोपियों को 17 नवंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया।
आरोपियों के विरुद्ध वन्यप्राणी (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 9, 27, 29, 31, 32, 39, 49, 50, 51 एवं 52 के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है।
सभी आरोपी ओडिशा के निवासी
गिरफ्तार सभी सात आरोपी ग्राम कबाटपानी, ग्राम पंचायत मुंडिबेड़ा, पोस्ट गोना, थाना एवं तहसील रायघर, जिला नबरंगपुर (ओडिशा) के निवासी बताए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मुशा लालधर (50), बनमाली सांता (51), सोलंदर सांता (26), लालू सांता (54), किशोर उर्फ केशर (34), राजू उर्फ राधु (38) एवं केंचु उर्फ बांदे (37) शामिल हैं।
