सिकासार जलाशय से राजिम सहित विभिन्न क्षेत्रों को नहरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
15 अप्रैल से जल प्रवाह बंद होगा, विभाग ने जल संरक्षण की अपील की
गरियाबंद। जिले में भीषण गर्मी को देखते हुये क्षेत्र के ग्रामीणों को निस्तारी के लिये 27 फरवरी 2026 से जल संसाधन विभाग द्वारा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। राजिम के संगम को सिकासार जलाशय से पैरी नदी के माध्यम से भरा गया है।
फिंगेश्वर नगर पंचायत को सरगी नाला एनीकट द्वारा पानी उपलब्ध कराया गया है। फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर द्वारा पांडुका अनुभाग के 15 तालाबों को भरा गया है। फिंगेश्वर उप संभाग के 14 तालाब भरे गये है।
8 अप्रैल 2026 से फिंगेश्वर वितरक शाखा का जल प्रवाह बंद कर पैरी दायी तट नहर के माध्यम से राजिम, सुरसाबांधा, श्याम नगर को निस्तारी हेतु पानी दिया जा रहा है। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के.बर्मन के मार्गदर्शन में पांडुका, फिंगेश्वर, राजिम के अनुविभागीय अधिकारियों के साथ उनकी मैदानी टीम आवश्यकता व मांग अनुसार निस्तारी हेतु ग्रामीणों को पानी उपलब्ध करा रही हैं।
सिकासार जलाशय में पानी की उपलब्धता को देखते हुये जल प्रदाय 15 अप्रैल 2026 को पूर्ण रूप से बंद कर दिया जायेगा।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे पानी का सही उपयोग करें, व्यर्थ बर्बाद ना करें, नहरों में बेवजह अवरोध उत्पन्न न करें, किसी प्रकार की समस्या के लिये विभागीय कर्मचारी से संपर्क करें।







