गरियाबंद। जिले के छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिवनी स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित के धान उपार्जन केंद्र में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाने के मामले में प्रशासन ने संज्ञान लिया है। सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला गरियाबंद द्वारा समिति के प्रभारी प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जारी नोटिस के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को धान खरीदी केंद्र परिसर में एक राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित होने तथा उसमें प्रभारी प्रबंधक की उपस्थिति की जानकारी समाचार पत्र के माध्यम से प्राप्त हुई है। इस पर इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
नोटिस में निर्देशित किया गया है कि प्रभारी प्रबंधक 9 अप्रैल 2026 तक सहायक आयुक्त कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के सेवायुक्तों के लिए लागू सेवा नियम 2018 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
इस संबंध में सहकारिता विस्तार अधिकारी, विकासखंड छुरा को भी निर्देशित किया गया है कि नोटिस की तामिली समय-सीमा में सुनिश्चित कर उसकी पावती शीघ्र उपलब्ध करायें।
There is no ads to display, Please add some
