सूदखोर महिला से परेशान युवक ने की आत्महत्या..?

महासमुंद। आज सुबह शहर के वार्ड नंबर 6 की नर्सरी में एक युवक की फांसी पर लटकी हुई लाश सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा बरामद की गई है। युवक की पहचान हेमंत साहू पिता प्रेम शंकर साहू 32 वर्ष के रूप में हुई है। मृतक की जेब में सुसाइड नोट भी पुलिस ने बरामद किया है।
बताया जा रहा है कि, मृतक युवक हेमंत साहू सूदखोरों से परेशान था, उसे लगातार डराया धमकाया जा रहा था। बीती रात्रि कुछ सूदखोरों के गुर्गे हेमंत साहू के घर पहुंचे थे और घंटों तक उसे फोन पर भी डराया धमकाया गया था। इसके बाद से युवक घर से लापता हो गया, जिसकी लाश आज सुबह वार्ड नंबर 6 के नीलगिरी पेड़ में फांसी पर लटकी हुई पायी गई।
पूरे मामले का चौंकाने वाला तथ्य यह है कि, फांसी पर लटके युवक की आंखें बंद है और जुबान भी बाहर नहीं निकली है।
सूत्रों का कहना है कि, शहर की एक महिला सूदखोर द्वारा युवक के घर गुंडे भेज कर रात को डराया धमकाया गया था। शहर में इस बात की भी चर्चा जोरों से है कि, सूदखोर महिला द्वारा शहर में सट्टे का भी कारोबार किया जा रहा है।
बता दें कि महासमुंद शहर में सुदखोरी का कारोबार धड़ल्ले से जारी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार हेमंत कुमार साहू 32 वर्ष बेलसोंडा के शिवालिक पावर प्लांट में मजदूरी का काम किया करता था। मृतक शादीशुदा बताया जा रहा है और मृतक का एक 5 साल का पुत्र और एक 3 साल की पुत्री है। वार्ड के निवासियों ने यह जानकारी दी है कि, हेमंत साहू के घर में कल शाम 6:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक महिला सूदखोर के गुर्गे द्वारा उत्पात किया गया था। इस बीच हेमंत साहू घर नहीं पहुंचा था, जिसे फोन लगाकर सूदखोर महिला द्वारा लगातार फोन से डराया धमकाया जा रहा था। उसे धमकी दी गई कि पैसे नहीं दे सकते तो घर को बेच कर मेरा पैसा वापस करो अन्यथा बाद में जो कुछ होगा मेरी जवाबदारी नहीं होगी।
हेमंत साहू की संदेहास्पद अवस्था में फांसी पर लटकी लाश की जांच सिटी कोतवाली पुलिस कर रही है।