‘डिजिटल गिरदावरी और रकबा सुधार की तकनीकी विसंगतियों में उलझे किसान’

कहीं डिजिटल गिरदावरी (DCS) लंबित है तो कहीं किसानों के वास्तविक रकबे और सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज रकबे का मिलान नहीं हो पा रहा है। इसका असर..

IMG-20261123-WA0004

धान बेचने के लिये भटक रहे किसान, तहसील से लेकर खरीदी केंद्र तक लगा रहे चक्कर : ग्राम विकास समिति ने अधिकारियों को सौंपा आवेदन

 

किरीट ठक्कर, गरियाबंद। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही किसानों की परेशानियां भी सामने आने लगी हैं। कहीं डिजिटल गिरदावरी (DCS) लंबित है तो कहीं किसानों के वास्तविक रकबे और सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज रकबे का मिलान नहीं हो पा रहा है। इसका असर धान खरीदी के ऑनलाइन रिकॉर्ड और टोकन जारी होने की प्रक्रिया पर पड़ रहा है। स्थिति यह है कि खेतों में धान की फसल तैयार होने के बावजूद कई किसान अपनी उपज बेचने के लिये टोकन नहीं कटवा पा रहे हैं।

इस समस्या को लेकर ग्राम विकास समिति नहरगांव एवं संबंधित किसानों ने 23 नवंबर 2026 को एसडीएम, तहसीलदार एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को आवेदन सौंपकर तत्काल निराकरण की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि ग्राम नहरगांव क्षेत्र के किसानों की खरीफ फसल संबंधी जानकारी डिजिटल गिरदावरी में लंबित होने तथा रकबा सुधार नहीं होने के कारण धान खरीदी की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

किसानों के अनुसार खेतों में धान की फसल लगी हुई है, लेकिन सरकारी ऑनलाइन रिकॉर्ड में DCS एवं रकबे से संबंधित विसंगतियों के कारण उनका धान विक्रय संबंधी रिकॉर्ड दुरुस्त नहीं हो पा रहा है।

डिजिटल रिकॉर्ड की गड़बड़ी बनी परेशानी

दरअसल, शासन द्वारा डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) के माध्यम से खेतों में लगी फसल और उसके वास्तविक रकबे की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जा रही है। इसी जानकारी का उपयोग धान खरीदी सहित विभिन्न कृषि योजनाओं में किया जाता है। ऐसे में जिन किसानों के खसरे में डिजिटल सर्वे लंबित है, फसल की प्रविष्टि गलत है अथवा वास्तविक रकबे की तुलना में ऑनलाइन रिकॉर्ड में कम रकबा दर्ज है, उन्हें धान विक्रय के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

किसानों का कहना है कि संबंधित रिकॉर्ड में सुधार नहीं होने से उनके धान विक्रय का टोकन जारी नहीं हो पा रहा है। इसके चलते किसान अपनी उपज बेचने से वंचित होने की आशंका से परेशान हैं।

दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर किसान

आवेदन में किसानों ने बताया है कि समस्या के निराकरण के लिये वे संबंधित विभागों और कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। किसानों ने अधिकारियों से मांग की है कि लंबित DCS प्रकरणों का निराकरण करने के साथ ही वास्तविक कृषि रकबे का परीक्षण कर रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार किया जाये, ताकि पात्र किसानों को धान बेचने के लिये टोकन प्राप्त हो सके।

समिति ने आवेदन के माध्यम से 10 दिनों के भीतर समस्या का निराकरण करने का आग्रह किया है। साथ ही चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में समाधान नहीं होने पर किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page