गरियाबंद। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते सीकासार जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये बांध प्रबंधन द्वारा गुरुवार शाम 7:00 बजे तक जलाशय के कुल 4 गेट खोल दिये गये हैं, जिनसे लगातार पानी छोड़ा जा रहा है।
जलाशय का वर्तमान जलस्तर आरएल 1328.50 फीट (405.05 मीटर) दर्ज किया गया है। बांध में कुल 167.37 एमसीएम जलभराव हो चुका है, जो इसकी कुल क्षमता का 84.18 प्रतिशत है।
गेटों की स्थिति – बांध के कुल 4 गेट खोले गये हैं। इनमें से 3 गेटों को 3-3 फीट और 1 गेट को 2 फीट की ऊंचाई तक खोला गया है।
पानी की आवक व निकासी
जलाशय में वर्तमान में कुल 5,280 क्यूसेक पानी की आवक (इनफ्लो) हो रही है। वहीं, स्पिलवे गेटों से 4,950 क्यूसेक और पावर प्लांट के जरिए 625 क्यूसेक मिलाकर कुल 5,575 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।
क्षेत्र में बारिश – पिछले 24 घंटों के दौरान सीकासार क्षेत्र में 25.6 मिमी और मैनपुर क्षेत्र में 31.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। पानी छोड़े जाने के कारण पैरी नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिसको देखते हुये नदी तटीय और निचले इलाकों के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
