रायपुर ( सूत्र)। छत्तीसगढ़ में अफीम की खेती का एक दूसरा मामला सामने आया है। दुर्ग जिले के समोदा गांव में अफीम की खेती का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आने के बाद, अब सरगुजा संभाग के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले से दूसरा बड़ा मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरी के घोसरा पारा में करीब 6.30 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी। इस जानकारी के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची।
खेत से जुड़े एक भूमि स्वामी और वहां काम कर रहे मजदूरों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। खेत में लगे अफीम के पौधों और फलों के नमूने लेकर उन्हें साक्ष्य के तौर पर जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान कुसमी एसडीओपी आशीष कुंजाम और एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने खेत का सीमांकन शुरू कर दिया है और पूरी जमीन का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।







