गरियाबंद / राजिम। खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने राजिम के राजीव लोचन महिला समूह वार्ड 3 आईडी 511012004 की उचित मूल्य की दूकान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य अधिकारी सोनाली ठाकुर साथ थे,जिन्होंने जांच की।
उक्त राशन दुकान की जांच में सामने आया कि दुकान में 127 क्विंटल चावल कम है। खाद्य अधिकारी सोनाली ठाकुर ने पुष्टि की, कि 127 क्विंटल चावल स्टाक में कम मिला है। जिसकी कीमत लगभग 05 लाख 45 हजार रु हो सकती है। स्टाक में एटीएल का 08 किंवटल 70 किलो चावल भी नहीं था। इस दुकान में टोल फ्री नंबर प्रदर्शित नही किया गया था, साथ ही दुकान में सेम्पल का प्रदर्शन भी नही किया गया था।
जांच के बाद खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कार्यवाही का निर्देश दिया है। सोनाली ठाकुर ने बताया कि प्रकरण बनाकर नोटिस हेतु एसडीएम राजिम को सौंपा जायेगा। बताया जाता है, कि एसडीएम उक्त समूह को नोटिस देकर जवाब तलब करेंगे, और वसूली की कार्रवाई करेंगे।







