गरियाबंद। भीषण गर्मी के चलते राहगीरों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा सराहनीय पहल की गई है। रायपुर–गरियाबंद मुख्य मार्ग स्थित बारुका परिसर में परिक्षेत्र गरियाबंद की ओर से प्याऊ घर की व्यवस्था शुरू की गई है, जहां राहगीरों को ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए यह पहल विशेष रूप से यात्रियों, वाहन चालकों एवं स्थानीय ग्रामीणों के लिए राहतभरी साबित हो रही है। प्याऊ घर में मटकों के माध्यम से ठंडा पानी रखा गया है तथा नियमित रूप से इसकी व्यवस्था बनाए रखने के लिये कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुये कहा कि इस तरह की व्यवस्था से राहगीरों को गर्मी से काफी राहत मिल रही है। विभाग द्वारा बताया गया कि आगामी दिनों में तापमान को देखते हुए इस व्यवस्था को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
गौरतलब है कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में इस प्रकार के प्याऊ घर लोगों के लिये जीवनदायिनी साबित होते हैं और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हैं।







