तीन माह से नही मिल रहा था राशन, पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ : मीडिया में खबर आते ही मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
किरीट ठक्कर, गरियाबंद। जिले में एक वृद्ध हितग्राही की समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुये छत्तीसगढ़ शासन ने तुरंत राहत सुनिश्चित किया है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश पर गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखण्ड के ग्राम पथर्री निवासी भीखलु राम ध्रुव को बड़ी राहत मिली है।

विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन
आपको बता दें कि मीडिया के माध्यम से प्रसारित एक खबर में यह जानकारी सामने आई थी कि भीखलु राम ध्रुव लंबे समय से पेंशन और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे। इस खबर को गंभीरता से लेते हुये मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिना विलंब किये तत्काल संज्ञान लिया और जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि संबंधित हितग्राही को शीघ्र लाभ उपलब्ध कराया जाये। मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई।
प्रशासनिक बहानेबाजी या कुछ और…
मुख्यमंत्री के निर्देश पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये । जांच में सामने आया कि भीखलु राम ध्रुव का ई-केवाईसी किसी कारणवश लंबित था ? जिसके कारण उन्हें योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। प्रशासन द्वारा तत्काल ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई ? जिससे उन्हें पुनः शासकीय योजनाओं का लाभ मिलना प्रारंभ हो गया है। प्रशासन की तत्परता का परिणाम यह रहा कि भीखलु राम ध्रुव को तीन माह की लंबित वृद्धावस्था पेंशन एकमुश्त प्रदान किया गया।
वहीं खाद्य विभाग द्वारा भी उनके घर पहुंचकर 01 क्विंटल चावल उपलब्ध कराया गया है। अब उन्हें नियमित रूप से उचित मूल्य की दुकान से राशन मिलता रहेगा।
बताया जा रहा है कि भीखलु राम ध्रुव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पेंशन और राशन मिल जाने से मुझे राहत मिली है।







