मरीज के ईलाज में लापरवाही : श्री संकल्प मिशन हॉस्पिटल छुरा का लाइसेंस निलंबित

जांच में यह भी सामने आया कि श्री संकल्प छत्तीसगढ़ मिशन हॉस्पिटल में सीटी स्कैन मशीन का संचालन बिना वैधानिक अनुमति के किया..

Oplus_16908288

Oplus_16908288

किरीट ठक्कर, गरियाबंद/छुरा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा छुरा स्थित निजी श्री संकल्प छत्तीसगढ़ मिशन हॉस्पिटल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुये अस्पताल का अनुज्ञा पत्र (लाइसेंस) तत्काल प्रभाव से 30 दिनों के लिये निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई अस्पताल में उपचार संबंधी गंभीर अनियमितताओं, बिना अनुमति सीटी स्कैन संचालन तथा बिना विशेषज्ञ चिकित्सक के डिलीवरी कराये जाने के मामले में की गई है।

7 अप्रैल 2026 को chirghar.com में प्रकाशित खबर

जानकारी के अनुसार स्थानीय मीडिया एवं दैनिक समाचार पत्र में इस अस्पताल में ईलाज के नाम पर चल रही गंभीर अनियमितताओं के संबंध में खबर का प्रकाशन किया गया था। इन खबरों को संज्ञान में लेते हुये मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा 7 सदस्यीय जांच दल गठित कर मामले की जांच कराई गई थी।

9 दिनों तक चला झूठा ईलाज : हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की जान का खतरा

जांच दल द्वारा अस्पताल के रिकॉर्ड में मरीज के उपचार से संबंधित अनियमितताएं पाई गईं। साथ ही 12 बिंदुओं पर जवाब मांगा गया था। अस्पताल प्रबंधन द्वारा 28 अप्रैल 2026 को जवाब प्रस्तुत किया गया, लेकिन जांच टीम ने जवाब को अस्पष्ट एवं विरोधाभासी बताते हुए असंतोषजनक माना।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अस्पताल में मरीजों के उपचार में समुचित गंभीरता की कमी परिलक्षित हुई है। इसके अलावा बिना अनुमति एवं बिना अनुबंधित स्त्री रोग विशेषज्ञ के 24 घंटे सामान्य और सिजेरियन डिलीवरी कराई जा रही थी, जिससे हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की जान को खतरा बढ़ने की आशंका जताई गई।

छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं अनुज्ञापन अधिनियम 2010 एवं नियम 2013 के तहत कार्रवाई करते हुये अस्पताल का लाइसेंस 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया है।

बिना अनुमति चल रहा था सीटी स्कैन सेंटर

जांच में यह भी सामने आया कि श्री संकल्प छत्तीसगढ़ मिशन हॉस्पिटल में सीटी स्कैन मशीन का संचालन बिना वैधानिक अनुमति के किया जा रहा था। आदेश के अनुसार अस्पताल में पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत पंजीयन के बिना तथा बिना किसी अनुबंधित विशेषज्ञ डॉक्टर के सीटी स्कैन किया जा रहा था। इतना ही नहीं, बिना अर्हताधारी चिकित्सक की उपस्थिति के मरीजों की जांच कर रिपोर्ट भी जारी की जा रही थी। इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन प्रस्तुत जवाब संतोषप्रद नहीं पाया गया।

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page