आधी रात महासमुंद के वैद्य फूड में प्रशासन की दबिश : 200 किलो पनीर जब्त

महासमुंद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने देर रात बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर..

IMG-20260817-WA0020

खाद्य गुणवत्ता पर संदेह के बाद नमूना रायपुर प्रयोगशाला भेजा गया

महासमुंद। महासमुंद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने देर रात बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में आधी रात करीब 12 बजे दबिश दी। करीब तीन घंटे चली जांच के दौरान मौके पर पनीर का निर्माण होता पाया गया।
पनीर की गुणवत्ता और उसके निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को लेकर संदेह उत्पन्न होने पर टीम ने लगभग 200 किलोग्राम पनीर जब्त कर लिया।

एसडीएम अक्षा गुप्ता के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई के दौरान तहसीलदार जुगल किशोर, नायब तहसीलदार हरीश ध्रुव तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची थी, जांच के दौरान मध्यरात्रि में पनीर का निर्माण किये जाने की स्थिति सामने आई। अधिकारियों ने निर्माण प्रक्रिया और मौके पर मौजूद खाद्य सामग्री से संबंधित आवश्यक जानकारी भी संकलित की।

कोल्ड स्टोरेज खोलकर हुई जांच

कार्रवाई के दौरान सील किये गये कोल्ड स्टोरेज को अगले दिन सुबह नियमानुसार खोलकर उसमें रखी खाद्य सामग्री की जांच की गई। जब्त पनीर की गुणवत्ता की पुष्टि और परीक्षण के लिये खाद्य सुरक्षा विभाग ने उसका नमूना लिया। नमूना राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है।

अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला की रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि जब्त पनीर निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरता है या नहीं।

रिपोर्ट बतायेगी आगे की कार्रवाई

अभिहित अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि जब्त पनीर का नमूना जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं संबंधित प्रावधानों के तहत आगामी कार्रवाई की जायेगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और प्रतिबंधित अथवा मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिला प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जांच एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


There is no ads to display, Please add some

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page