पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ग्रामीणों ने निभाई सदियों पुरानी परंपरा : गोवंश की पूजा कर मांगी सुख-समृद्धि
किरीट ठक्कर, गरियाबंद। अंचल में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। दीपोत्सव के पश्चात ग्रामीण क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और परंपराओं से जुड़ी गौरा-गौरी एवं गोवर्धन पूजा का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। जिला मुख्यालय के आसपास के ग्राम बरबाहरा, नयापारा, मैनपुर 2, कसेरू, कोसमी,खरहरी,रावनसिंघी, धरसापारा, झालखमार और संबलपुर सहित पूरे अंचल में ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया।
गौरा-गौरी पूजा की परंपरा के संबंध में ग्राम धरसापारा निवासी ग्रामीण रामेश्वर यादव ने बताया कि इस अवसर पर सुबह से ही ग्रामीण बैगा के साथ पारंपरिक बाजे-गाजे के साथ मिट्टी लेने जाते हैं। इसके बाद विधि-विधान और पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार ईशर (शिव), गौरा (पार्वती) तथा भीमसेन की प्रतिमायें तैयार की जाती हैं। रात्रि में ईशर-गौरा और गौरी की बारात निकाली जाती है। इस दौरान पारंपरिक गीत-संगीत और लोकाचार के बीच पूरी रात जागरण किया जाता है। दूसरे दिन सुबह विधि-विधान के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है।

गौरा-गौरी विसर्जन के पश्चात गोवर्धन पूजा की तैयारियां शुरू होती हैं। ग्रामीण सबसे पहले अपने गोवंश को तालाब में ले जाकर स्नान कराते हैं। इसके बाद गोवर्धन पूजा की जाती है। ग्रामीण अंचलों में आज भी इस परंपरा का विशेष महत्व है। यादव समाज की महिलायें, गाय के घी से गांव के किसानों के घरों में पारंपरिक मंगल चिह्न बनाती हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा धन-धान्य से परिपूर्ण जीवन की कामना करती हैं।
इसके बाद मिट्टी के नये पात्र में नये चावल से तैयार की गई खिचड़ी का भोग, गोवंश को अर्पित किया जाता है। ग्रामीण रमेश ठाकुर ने बताया कि गोवंश को खिचड़ी खिलाने के बाद बची हुई खिचड़ी को प्रसाद के रूप में परिवार के सदस्य ग्रहण करते हैं। मान्यता है कि इसी परंपरा के साथ ग्रामीण अंचलों में नये अन्न के उपयोग की शुरुआत होती है। इस प्रकार गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि कृषि संस्कृति और पशुधन के प्रति ग्रामीणों की कृतज्ञता व्यक्त करने का भी पर्व है।
इस अवसर पर गांवों में यादव समाज के बंधुओं का विशेष स्वागत किया जाता है। समाज के लोग छत्तीसगढ़ की पारंपरिक दोहों का सामूहिक उच्चारण करते हुये गोवर्धन भाटा की ओर प्रस्थान करते हैं। वहां विधि-विधान से गोवर्धन पूजा संपन्न की जाती है। पूजा के पश्चात ग्रामीण एक-दूसरे के माथे पर गोबर का तिलक लगाकर आपसी प्रेम,भाईचारे और सद्भाव के साथ शुभकामनायें व्यक्त की जाती है।
छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में मनाया जाने वाला यह पर्व प्रकृति, कृषि, पशुधन और लोकआस्था के आपसी संबंधों को दर्शाता है। आधुनिकता के इस दौर में भी ग्रामीणों द्वारा इन परंपराओं का पीढ़ी-दर-पीढ़ी निर्वहन करना अंचल की समृद्ध लोकसंस्कृति और सामाजिक एकजुटता का परिचायक है।

