किसान के बेटे ने बढ़ाया अंचल का मान, गांव में घर पहुंचकर लोगों ने दी बधाई
गरियाबंद। वनांचल क्षेत्र की प्रतिभायें अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने लगी हैं। इसी कड़ी में सड़क परसूली से लगे ग्राम बरबाहरा निवासी शिवम् ठाकुर का चयन अंडर-19 राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिये हुआ है।
मध्यप्रदेश के गाडरवारा में 9 से 17 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में शिवम् अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनके चयन की खबर मिलते ही गृह ग्राम बरबाहरा सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, शिक्षकों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने उनके घर पहुंचकर मिठाई खिलाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनायें दीं है।
शिवम् ठाकुर वर्तमान में सड़क परसूली स्थित माध्यमिक उच्चतर विद्यालय में कक्षा 12वीं के छात्र हैं। उनके चयन की जानकारी मिलते ही उनके पूर्व शिक्षक एवं वर्तमान में आमदी (द)में प्राचार्य के पद पर पदस्थ रामकुमार ध्रुव सुबह ही उनके गृह ग्राम बरबाहरा पहुंचे। उन्होंने शिवम् को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस अवसर पर ध्रुव ने कहा कि आज उन्हें बेहद गर्व और खुशी हो रहा है कि उनके पूर्व विद्यार्थी ने पूरे अंचल और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी कामना है कि शिवम् आगे चलकर भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करें।
आमात गोंड़ समाज के अध्यक्ष खामसिंग ठाकुर ने शिवम् के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त की है। वहीं पिछड़ा वर्ग महासभा के बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा प्रभारी जीवन साहू ने कहा कि गरियाबंद जिला प्रतिभाओं और रत्नों की भूमि है। जिस तरह पायलीखंड का हीरा देशभर में अपनी पहचान रखता है, उसी तरह वनांचल ग्राम बरबाहरा के किसान का बेटा शिवम् ठाकुर भी आने वाले समय में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरेगा।
ग्राम बरबाहरा निवासी रमेश ठाकुर ने भी शिवम् को बधाई देते हुये उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के उपसरपंच मुरली सिन्हा, सरपंच प्रतिनिधि मोतीलाल ठाकुर, संतराम नागेश, शिवकुमार साहू, धरम सिंह नागेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिवम् के पिता भोजराम नागेश एवं माता आशाबाई सहित परिवारजनों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती एफ. लकड़ा, शिक्षिका सरस्वती ध्रुव, प्रदीप कुमार यादव, देवेंद्र कुमार बंजारे, मोहित मोगरे, कामता मोगरे, लोकेश ध्रुव, विमल यादव, सागर नेताम, बरम ठाकुर, प्रेम सिंह ठाकुर, कौशलेश सिन्हा, गणेश ठाकुर सहित सैकड़ों लोगों ने शिवम् को बधाई दी।
वनांचल के एक छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिता तक पहुंचना शिवम् की मेहनत और प्रतिभा का परिचायक है। उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं में भी खेल के प्रति नई उम्मीद और उत्साह जगाया है।

