गरियाबंद। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की आदान सहायता राशि दिये जाने की घोषणा की गई है। इस निर्णय से गरियाबंद जिले के समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले 83 हजार से अधिक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। जिले में वर्तमान में कुल 90 हजार 304 किसान पंजीकृत हैं। ऐसे में सरकार की इस घोषणा को जिले के बड़ी संख्या में किसानों के लिये महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस संबंध में भाजपा किसान मोर्चा द्वारा जिला भाजपा कार्यालय गरियाबंद में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा द्वारा, सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।
निरंजन सिन्हा ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पूर्व में किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान उपार्जन के आधार पर प्रति क्विंटल 3100 रुपये के समर्थन मूल्य और अंतर की राशि का भुगतान किया जाता रहा है। अब सरकार ने प्रति एकड़ की दर से एक समान 13 हजार 839 रुपये की आदान सहायता राशि देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
इस व्यवस्था से किसानों को अपनी आवश्यकता एवं सुविधानुसार धान बेचने की स्वतंत्रता मिलेगी। वहीं रकबे की तुलना में कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल सकेगा। सरकार का मानना है कि इससे किसानों की आय में वृद्धि और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
श्रीअन्न कोदो-कुटकी और रागी के उपार्जन की तैयारी, 15 दिसंबर से शुरू होगी खरीदी
विविधीकरण को बढ़ावा देने के साथ श्रीअन्न यानी मोटे अनाज के उत्पादन को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत कोदो, कुटकी एवं रागी उत्पादक किसानों को उचित मूल्य उपलब्ध कराने के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में इन फसलों का उपार्जन छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) के माध्यम से किए जाने की तैयारी हैरागी का उपार्जन भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किया जाएगा, जबकि कोदो एवं कुटकी की खरीदी छत्तीसगढ़ शासन, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा गठित समिति की निर्धारित दर पर होगी।
उपार्जित कोदो, कुटकी एवं रागी का उपयोग छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से आंगनबाड़ियों एवं माध्यमिक शालाओं में मांग और उपलब्धता के अनुसार आपूर्ति के लिये किया जायेगा। इसके अलावा प्रसंस्करण इकाइयों तथा अन्य शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी संस्थाओं को भी मांग एवं उपलब्धता के आधार पर विक्रय किया जायेगा।
भाजपा किसान मोर्चा द्वारा आयोजित इस प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर जिला महामंत्री डॉ आशीष शर्मा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष हलमन धुर्वा जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके जिला मीडिया प्रभारी राधेश्याम सोनवानी सहप्रभारी रितेश यादव जिला सोशल मीडिया संयोजक अमित वखरिया उपस्थित रहे।
