फसल क्षति होने पर 72 घंटे के भीतर दें सूचना : टोल फ्री नंबर 14447 पर करें संपर्क

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बीमित किसानों के लिए जरूरी सूचना, समय-सीमा में जानकारी देने पर ही आगे बढ़ेगी दावा प्रक्रिया..

IMG-20250701-WA0011

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बीमित किसानों के लिए जरूरी सूचना, समय-सीमा में जानकारी देने पर ही आगे बढ़ेगी दावा प्रक्रिया

 

धान कटाई के बाद खेत में सुखाने रखी फसल को नुकसान होने पर भी मिलेगा बीमा का लाभ, निर्धारित प्रक्रिया से दर्ज करायें शिकायत

गरियाबंद । जिले में असामयिक वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम के कारण प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित किसानों की अधिसूचित फसलों को नुकसान होने पर किसान घटना के 72 घंटे के भीतर इसकी सूचना टोल फ्री नंबर 14447 पर दर्ज करा सकते हैं। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि फसल क्षति होने पर निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें, ताकि नुकसान का सर्वेक्षण और नियमानुसार बीमा दावा प्रक्रिया पूरी की जा सके। उप संचालक कृषि ने बताया कि असामयिक वर्षा, जलभराव, ओलावृष्टि एवं अन्य स्थानीय आपदाओं के कारण मक्का, उड़द, मूंग, मूंगफली, अरहर, कोदो, कुटकी एवं रागी जैसी अधिसूचित फसलों को नुकसान होने पर संबंधित बीमित किसान तत्काल सूचना दर्ज कराएं। धान की कटाई के बाद यदि फसल खेत में सुखाने के लिये रखी गई है और इस दौरान असामयिक वर्षा से नुकसान होता है, तो ऐसी स्थिति में भी घटना के 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर पर सूचना देना आवश्यक है।

100 प्रतिशत फसल क्षति पर फसलवार निर्धारित है बीमा राशि –

खरीफ मौसम 2026 के लिये 100 प्रतिशत फसल क्षति की स्थिति में प्रति हेक्टेयर धान सिंचित फसल के लिए 66 हजार रुपये तथा धान असिंचित फसल के लिए 49 हजार 500 रुपये की बीमा राशि निर्धारित की गई है। इसी प्रकार मक्का फसल के लिए 50 हजार 600 रुपये, अरहर के लिए 46 हजार 200 रुपये, उड़द एवं मूंग के लिए 27 हजार 500-27 हजार 500 रुपये तथा मूंगफली के लिए 51 हजार 700 रुपये प्रति हेक्टेयर बीमा राशि निर्धारित है। वहीं कोदो के लिए 19 हजार 800 रुपये, कुटकी के लिए 20 हजार 900 रुपये तथा रागी फसल के लिए 18 हजार 700 रुपये प्रति हेक्टेयर की बीमा राशि निर्धारित की गई है।

सूचना दर्ज कराते समय रखें ये जानकारियां –

फसल क्षति की सूचना टोल फ्री नंबर 14447 पर दर्ज कराते समय किसानों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, बैंक खाता विवरण, बीमित फसल का विवरण, पॉलिसी नंबर तथा फसल क्षति की घटना की तारीख और स्थान संबंधी जानकारी उपलब्ध रखनी होगी। इससे शिकायत दर्ज कराने और आगे की दावा प्रक्रिया में सुविधा होगी।

72 घंटे की समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान –

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि फसल क्षति की सूचना निर्धारित 72 घंटे की समय-सीमा के भीतर दर्ज कराना अत्यंत आवश्यक है। समय पर सूचना नहीं देने की स्थिति में बीमा दावा प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। अतः प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत पंजीकृत सभी किसान फसल को नुकसान होने पर बिना विलंब किए टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर अपनी सूचना दर्ज कराएं, ताकि नियमानुसार सर्वेक्षण एवं दावा प्रक्रिया की जा सके।

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page