आदतन वन अपराधी अस्पताल से फरार : यूएसटीआर का मामला

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने बयान में 12 नग खड़े वृक्षों की गर्डलिंग (पेड़ सुखाने के लिए छाल छीलना) करना स्वीकार किया। इसके बाद..

IMG-20261126-WA0021

किरीट ठक्कर,गरियाबंद। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व अंतर्गत वन परिक्षेत्र तौरेंगा (बफर) की गिरफ्त में आया एक आदतन वन अपराधी स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान अस्पताल से कर्मचारियों को चकमा देकर फरार हो गया। वन विभाग की टीम फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

क्या है पूरा मामला –

तौरेंगा (बफर) परिक्षेत्र के सब सर्कल गाजीमुड़ा, परिसर नकबेल के संरक्षित वनक्षेत्र कक्ष क्रमांक 1182 में अवैध कटाई के मामले में पी.ओ.आर. क्रमांक 29/11 (दिनांक 24.01.2026) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। इसी मामले में पूछताछ के लिये ग्राम टांगापानी (थाना शोभा, तहसील मैनपुर) निवासी 42 वर्षीय गुप्ता राम (पिता फरस राम) को वन परिक्षेत्र कार्यालय तौरेंगा (मुकाम मैनपुर) लाया गया था।

मेडिकल सर्टिफिकेट बनते समय भागा आरोपी

25 नवंबर 2026 को पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने बयान में 12 नग खड़े वृक्षों की गर्डलिंग (पेड़ सुखाने के लिए छाल छीलना) करना स्वीकार किया। इसके बाद नियमित प्रक्रिया के तहत उसे स्वास्थ्य परीक्षण के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मैनपुर ले जाया गया। अस्पताल में जांच पूरी होने के बाद जब डॉक्टर द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण प्रमाण पत्र तैयार किया जा रहा था, उसी दौरान दोपहर करीब 12:10 बजे आरोपी कर्मचारियों को चकमा देकर मौके से भाग निकला।

 पहले भी जा चुका है जेल –

वन विभाग के अनुसार फरार आरोपी गुप्ता राम आदतन अपराधी है। इससे पहले भी वह वन्य प्राणी अनुसूची-1 के अंतर्गत सुअर का अवैध शिकार करने के मामले (पी.ओ.आर. क्रमांक 51/09, दिनांक 15.01.2026) में जेल जा चुका है। घटना के बाद से वन अमले द्वारा आसपास के क्षेत्रों में उसकी सघन पतासाजी की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page