जंगल के ‘रक्षक’ से देश की शीर्ष जांच एजेंसी के ‘कप्तान’ तक : वरुण जैन की NIA में एंट्री, उदंती-सीतानदी को नये ‘सेनापति’ की तलाश

छत्तीसगढ़ के सबसे संवेदनशील और जैव-विविधता से भरपूर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR) के गलियारों में अब एक बड़े प्रशासनिक बदलाव की आहट तेज हो गई है..

IMG-20261124-WA0020

अतिक्रमणकारियों से लोहा लेने वाले IFS वरुण जैन अब संभालेंगे NIA में SP की कमान; अति-संवेदनशील टाइगर रिजर्व की बागडोर के लिये मुंगेली DFO तन्मय कौशिक का नाम आगे 

 

किरीट ठक्कर, ​गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के सबसे संवेदनशील और जैव-विविधता से भरपूर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR) के गलियारों में अब एक बड़े प्रशासनिक बदलाव की आहट तेज हो गई है। रिजर्व के उप निदेशक और 2017 बैच के तेजतर्रार भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी वरुण जैन अब वर्दी के एक नये और बेहद चुनौतीपूर्ण किरदार में नजर आयेंगे । केंद्र सरकार की प्रमुख जांच एजेंसी, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में उन्हें पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर प्रतिनियुक्ति की मंजूरी मिल गई है।

​जंगल की जमीन बचाने से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा तक का सफर

वरुण जैन का कार्यकाल उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में काफी चर्चाओं में रहा है। नक्सल प्रभावित और अंतरराज्यीय सीमा से सटे इस दुर्गम इलाके में वन भूमि से सैकड़ों हेक्टेयर अतिक्रमण हटाने और ड्रोन व सैटेलाइट तकनीक के जरिये वन अपराधों पर नकेल कसने के लिये वे जाने जाते हैं। अब वन संरक्षण की कमान संभालने के बाद वे देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े अहम मामलों की जांच करने वाली एजेंसी NIA में अपनी सेवायें देंगे।

NIA द्वारा 9 नवंबर 2026 को जारी नियुक्ति प्रस्ताव के बाद,अब राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) ने 19 नवंबर 2026 को शासन को पत्र लिखकर उन्हें कार्यमुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

​’अति-संवेदनशील’ क्षेत्र होने से खाली नहीं छोड़ा जा सकता पद

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व भौगोलिक और वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। ऐसे में वरुण जैन के जाने के बाद उप निदेशक का पद एक दिन भी खाली रखना जोखिम भरा हो सकता है। इसी गंभीरता को देखते हुये प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) ने अपर मुख्य सचिव (वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग) को भेजे पत्र में तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था का प्रस्ताव भी रख दिया है।

​क्या तन्मय कौशिक संभालेंगे उदंती-सीतानदी की विरासत ?

विभागीय प्रस्ताव में मुंगेली के वर्तमान वनमण्डलाधिकारी (DFO) तन्मय कौशिक को उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व का नया उप निदेशक नियुक्त करने का अनुरोध किया गया है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) के प्रस्ताव पर शासन का निर्णय आना बाकी है।

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page