कलेक्टर रणबीर शर्मा धवलपुर के आश्रम और स्कूल पहुंचे : बच्चों से किया संवाद

आदिवासी बालक आश्रम में कलेक्टर ने कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चों से मुलाकात की और..

IMG-20261114-WA0028

कक्षा दसवीं में गणित का कराया अध्यापन, विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत से पढ़ने किया प्रेरित

 

गरियाबंद। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने शनिवार को धवलपुर स्थित आदिवासी बालक आश्रम एवं हायर सेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण कर शैक्षणिक और आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आश्रम के बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनके रहन-सहन, खान-पान और पढ़ाई की जानकारी ली। वहीं स्कूल की कक्षा दसवीं में गणित का अध्यापन कर विद्यार्थियों से विज्ञान एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल भी पूछे।

आदिवासी बालक आश्रम में कलेक्टर ने कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चों से मुलाकात की और उनके रहने, भोजन तथा अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से उनकी दिनचर्या और पढ़ाई के बारे में जानकारी लेते हुये आश्रम में किसी प्रकार की परेशानी होने के संबंध में भी पूछा। उन्होंने शिक्षकों एवं कर्मचारियों को बच्चों के लिये स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने तथा भोजन एवं आवासीय व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये।

हायर सेकेंडरी स्कूल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा दसवीं में गणित पढ़ाया। साथ ही विद्यार्थियों से विज्ञान एवं सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछकर उनकी समझ परखी। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन करने, विषयों को समझकर पढ़ने और जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा कराने, विद्यार्थियों की नियमित प्रगति का मूल्यांकन करने तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, एसडीएम हितेश्वरी बाघे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी गजेंद्र ध्रुव सहित स्कूल एवं आश्रम के शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page