दीपावली मिलन समारोह एवं समरसता भोज में दिखी संगठनात्मक एकजुटता और सामाजिक समरसता की झलक
गरियाबंद। दीपावली के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला गरियाबंद द्वारा जिला भाजपा कार्यालय में दीपावली मिलन समारोह एवं समरसता भोज का आयोजन किया गया। उत्साह और आत्मीयता के माहौल में आयोजित इस समारोह में जिलेभर के भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता एक मंच पर जुटे। आतिशबाजी, मिठाइयों के आदान-प्रदान और शुभकामनाओं के बीच वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, जनसेवा और आपसी समन्वय का मंत्र दिया।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी, छत्तीसगढ़ भंडारगृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, भाजपा जिला संगठन प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी, राजिम विधायक रोहित साहू, जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर तथा पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल ने प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी देते हुये कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों के हित में धान खरीदी की व्यवस्था में किये गये बदलाव का उल्लेख करते हुये कहा कि अब किसान अपनी जरूरत और सुविधानुसार धान बेच सकेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम और सेवा भावना से ही संगठन मजबूत होता है। उन्होंने संगठन की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ आत्मीय संबंध बनाये रखने की बात कही।
संगठन प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने संगठनात्मक समन्वय और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुये कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विधायक रोहित साहू ने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय को क्षेत्र के विकास का आधार बताया। वहीं जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि ऐसे आयोजन भाजपा परिवार को एकजुट करने और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने का माध्यम हैं। चंदूलाल साहू ने भी संगठन की मजबूती के लिये कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक साथ समरसता भोज में सहभागिता की। इस दौरान आपसी सद्भाव,भाईचारे और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश साहू, रामकुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, जिला महामंत्री डॉ. आशीष शर्मा, चंद्रशेखर साहू, मुरलीधर सिन्हा, गुरुनारायण तिवारी, ईश्वर साहू,पदुलोचन जगत, केशरी ध्रुव,सरिता ठाकुर,जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, महिला मोर्चा अध्यक्ष बिंदु सिन्हा, किसान मोर्चा अध्यक्ष हलमन ध्रुव, युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक साहू,अजजा मोर्चा अध्यक्ष सियाराम ध्रुव,अजा मोर्चा अध्यक्ष उत्तम राजवंशी सहित मंडल अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

