धान खरीदी केंद्रों से बोगस उठाव पर सख्त कार्रवाई की जायेगी
किरीट ठक्कर, गरियाबंद। कलेक्टर बीएस उइके ने आज सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा जिले में संचालित शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की, इस दौरान उपस्थित जिले के अधिकारियों कर्मचारियों को बताया गया कि शासकीय विभागों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति के लिये आधार एवं बायोमेट्रिक आधारित उपस्थिति प्रणाली अनिवार्य की जायेगी, तथा 1 जनवरी से सभी शासकीय पत्रों का आदान-प्रदान ई-ऑफिस के माध्यम से किया जायेगा।
धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुये कलेक्टर ने निर्देश दिये, कि जिला नोडल अधिकारी प्रत्येक सप्ताह, विशेषकर शनिवार एवं रविवार को भौतिक सत्यापन करें। जिन राइस मिलों का डीओ कट चुका है, वहां से धान का उठाव सुनिश्चित किया जाये। बोगस उठाव पाये जाने पर संबंधित प्रबंधकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी। राइस मिलों का पीवी ऐप के माध्यम से सत्यापन करने के भी निर्देश दिये गये।

धान खरीदी में छोटे एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने मिलरों एवं परिवहन एजेंसियों के समन्वय से निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नियमित एवं सुचारू धान उठाव सुनिश्चित करने तथा लोडिंग प्रक्रिया का शॉर्ट वीडियो रिकॉर्ड करने के निर्देश दिये।







