जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित हुए वृहद किसान सम्मेलन
सरकार ने किसानों से किया हर वादा पूरा किया : विधायक रोहित साहू
गरियाबंद। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप राज्य सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत धान उत्पादक किसानों को बड़ी सौगात दी गई है। समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान होली से तीन दिन पूर्व सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित कर दिया गया।

यह राशि शनिवार, 28 फरवरी को बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी खेल मैदान में आयोजित प्रदेश स्तरीय कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा रिमोट का बटन दबाकर प्रदेशभर के किसानों के खातों में अंतरित की गई।
इस अवसर पर प्रदेश के साथ-साथ गरियाबंद जिला के सभी विकासखंड मुख्यालयों में भी कृषक उन्नति योजना के तहत वृहद किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया।
जिले के 83 हजार से अधिक किसानों को 370 करोड़ से अधिक की राशि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में गरियाबंद जिले के 83 हजार 106 किसानों के बैंक खातों में कुल 370 करोड़ 19 लाख 51 हजार रुपये की अंतर राशि अंतरित की गई।
जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कुल 5 लाख 65 हजार 726 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया। इस राशि के सीधे किसानों के खातों में पहुँचने से जिले की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
राजिम कृषि उपज मंडी में मुख्य कार्यक्रम
फिंगेश्वर विकासखंड के राजिम कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों से किया गया हर वादा पूरा किया है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की गई है, जो अन्य राज्यों की तुलना में अधिक है।
विधायक साहू ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर के 25 लाख किसानों के खातों में होली पर्व से पूर्व लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है।
उन्होंने कहा कि “किसान सशक्त होंगे तो गांव सशक्त होंगे और गांव सशक्त होंगे तो देश सशक्त बनेगा।”
राज्य स्तर पर रिकॉर्ड धान खरीदी
इस वर्ष राज्य में 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी की गई है। लगभग 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अंतर राशि किसानों के खातों में होली पूर्व अंतरित की जा रही है, जिसे पूरे प्रदेश में उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।
किसानों ने जताया संतोष ग्राम कुम्ही निवासी किसान राजेन्द्र साहू ने बताया कि उन्होंने साढ़े सात एकड़ भूमि में खेती कर 169 क्विंटल धान विक्रय किया। धान विक्रय के तीन दिवस के भीतर 3 लाख 76 हजार रुपये की राशि उनके खाते में अंतरित हुई।
इसके अतिरिक्त अंतर राशि के रूप में उन्हें 1 लाख 16 हजार रुपये की सहायता प्राप्त हुई। उन्होंने इस किसान-हितैषी पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिलेभर में हुए कार्यक्रम
देवभोग विकासखंड के मंडी परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, गरियाबंद विकासखंड में नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, छुरा एवं मैनपुर में जनपद पंचायत अध्यक्ष क्रमशः श्रीमती मीरा ठाकुर एवं श्रीमती मोहना नेताम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कलेक्टर बी.एस. उइके, कृषि विभाग के उपसंचालक चंदन राय, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित रहे।







