जिले के सभी विकासखण्डों में होंगे कार्यक्रम
गरियाबंद। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी कृषक उन्नति योजना के तहत वर्ष 2025-26 में धान विक्रय करने वाले जिले के किसानों को आदान सहायता राशि शनिवार 28 फरवरी 2026 को उनके बैंक खातों में अंतरित की जायेगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जिला बिलासपुर के बिल्हा विकासखण्ड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से राशि अंतरण करेंगे।
इस अवसर पर गरियाबंद जिले के 83 हजार 106 किसानों को कुल 370 करोड़ 19 लाख 51 हजार रुपये की आदान सहायता राशि सीधे बैंक खातों में अंतरित की जायेगी।
कृषि विभाग के उप संचालक चंदन राय ने बताया कि जिले के प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर राशि अंतरण कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।विकासखण्ड फिंगेश्वर में मण्डी प्रांगण राजिम में वृहद किसान मेला आयोजित किया गया है, जिसमें राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू शामिल होंगे।
इसी प्रकार विकासखण्ड देवभोग के मण्डी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप सम्मिलित होंगे। विकासखण्ड गरियाबंद में मण्डी परिसर गरियाबंद में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रिखीराम उपस्थित रहेंगे। विकासखण्ड छुरा एवं मैनपुर में सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष क्रमशः मीरा ठाकुर एवं मोहना नेताम शामिल होंगी।
जिले के सभी किसान भाई-बहनों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस उत्सव के साक्षी बनें।







