कलेक्टर शिकायत शाखा ने सीएमओ को सात दिन में कार्रवाई कर प्रतिवेदन देने के दिये थे निर्देश, फिर भी नहीं हुई प्रभावी कार्रवाई
किरीट ठक्कर,गरियाबंद। नगर पालिका परिषद गरियाबंद क्षेत्र में कृषि भूमि पर कथित अवैध प्लाटिंग एवं अवैध निर्माण के मामले में लगभग एक वर्ष पहले की गई शिकायत पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का मामला सामने आया है। कार्रवाई नहीं होने से असंतुष्ट शिकायतकर्ता वार्ड क्रमांक 15 निवासी जुनैद खान ने अब इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज कराई है।
उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार, जुनैद खान ने 19 अगस्त 2025 को कलेक्टर गरियाबंद को आवेदन देकर नगर पालिका क्षेत्र में कृषि भूमि पर लगातार अवैध प्लाटिंग एवं बिना अनुमति निर्माण किये जाने का आरोप लगाया था। आवेदन में मांग की गई थी कि ऐसे मामलों पर तत्काल रोक लगाई जाये तथा अवैध कॉलोनियों में सड़क, बिजली,पानी एवं अन्य शासकीय सुविधायें उपलब्ध न कराई जाये, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों को संरक्षण न मिले।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया था कि दिसंबर 2023 में तत्कालीन नगर पालिका अधिकारी द्वारा नगर क्षेत्र में कृषि भूमि पर अवैध प्लाटिंग करने वाले 13 लोगों को नोटिस जारी किये थे, लेकिन उसके बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई।
आवेदन प्राप्त होने के बाद कलेक्टर कार्यालय की शिकायत शाखा ने 10 सितंबर 2025 को मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद गरियाबंद को पत्र जारी कर शिकायत के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा सात दिवस के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये थे। साथ ही शिकायतकर्ता को भी की गई कार्रवाई से अवगत कराने के लिये कहा गया था।
बताया जा रहा है कि कलेक्टर कार्यालय के निर्देश के बावजूद करीब एक वर्ष बीत जाने पर भी शिकायत पर कोई ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण अब शिकायतकर्ता ने मामले को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज कराते हुये कार्रवाई की मांग दोहराई है।
नगर क्षेत्र में कृषि भूमि पर अवैध प्लाटिंग का मुद्दा लंबे समय से चर्चा का विषय रहा है। शिकायतें भी होती रही है लेकिन समुचित कार्यवाही नही होने से भू-माफियाओं को संरक्षण मिल रहा है और सरकार की नीतियों तथा पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आम नागरिक इसे मिली-भगत का खेल निरूपित करते हैं। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार को इस तरह के मामलों में बेहद संजीदा कार्रवाई करने की आवश्यकता है।


