स्वागत कार्यक्रम में सेजस झलमला के स्कूली बच्चे : स्वागत की थाल लिये घंटे भर खड़े रहे, अब सवाल भी खड़ा है

पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या विद्यार्थियों को स्कूल के निर्धारित शिक्षण समय में कार्यक्रम स्थल पर लाने की अनुमति दी गई थी ?​ यदि विद्यार्थियों को..

IMG-20260810-WA0004

गंगा मैया प्रांगण में शेड निर्माण के भूमि पूजन कार्यक्रम में विद्यार्थियों से कराया गया स्वागत, हाथों में फूलों की थाली लेकर करीब एक घंटे तक खड़े रखने का आरोप

साजु चाको,​बालोद / झलमला। गंगा मैया प्रांगण में शेड निर्माण के लिये आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान सेजस झलमला के छात्र-छात्राओं को स्कूल समय में कार्यक्रम स्थल पर बुलाकर स्वागत व्यवस्था में लगाये जाने का मामला सामने आया है,इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी हाथों में फूलों की थालियां लेकर कतार में खड़े दिखाई दिये।

Chirghar.com को ​प्राप्त कुछ वीडियो में स्कूली छात्र-छात्रायें कार्यक्रम स्थल पर स्वागत के लिये निर्धारित किये गये स्थान पर खड़े नजर आ रहे हैं। कई विद्यार्थियों के हाथों में फूलों की थालियां दिखाई दे रही हैं। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार इन विद्यार्थियों को करीब एक घंटे तक स्वागत के नाम पर खड़ा रखा गया।

वीडियो में दिखाई दिया दृश्य

बालोद / झलमला

​प्राप्त वीडियो साक्ष्यों में सेजस झलमला के दर्जनों विद्यार्थी कार्यक्रम स्थल पर कतारबद्ध खड़े दिखाई दे रहे हैं। विद्यार्थियों के हाथों में फूलों की थालियां हैं और वे कार्यक्रम में पहुंचने वाले अतिथियों के स्वागत के लिये तैयार नजर आ रहे हैं।
​कार्यक्रम में प्रेमा साईं महाराज का स्वागत किये जाने की जानकारी सामने आई है। जानकारी मिली है कि गंगा मैया प्रांगण में शेड निर्माण के भूमि पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

स्कूल समय में विद्यार्थियों की मौजूदगी पर सवाल

​इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या विद्यार्थियों को स्कूल के निर्धारित शिक्षण समय में कार्यक्रम स्थल पर लाने की अनुमति दी गई थी ?​ यदि विद्यार्थियों को विद्यालय से कार्यक्रम स्थल तक लाया गया था,तो यह भी स्पष्ट होना जरूरी है कि उन्हें किसके आदेश/ निर्देश पर भेजा गया और इस दौरान उनकी नियमित पढ़ाई एवं विद्यालयीन गतिविधियां किस प्रकार संचालित हुईं।

​स्कूली बच्चों को किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल करने से पहले उनकी सुरक्षा,विद्यालयीन समय और पढ़ाई को प्राथमिकता देना जरूरी माना जाता है। ऐसे में इस मामले में शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रबंधन की ओर से स्थिति स्पष्ट किया जाना महत्वपूर्ण होगा।

करीब एक घंटे तक खड़े रहने का दावा

 

​स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी में विद्यार्थियों को करीब एक घंटे तक फूलों की थालियां लेकर स्वागत के लिये खड़े रखे जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस अवधि की स्वतंत्र पुष्टि संबंधित विद्यालय अथवा शिक्षा विभाग के आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

​इस मामले में पक्ष जानने तथा आधिकारिक जानकारी प्राप्त करने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एवं खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) से दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु उनसे संपर्क स्थापित नहीं हो सका और उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो पाया।

​निष्पक्ष प्रतिक्रिया का इंतजार

​मामले की पूरी सत्यता और स्थिति तभी स्पष्ट हो सकेगी जब संबंधित विभाग और प्रशासनिक तंत्र की ओर से इस संदर्भ में कोई आधिकारिक बयान जारी किया जायेगा। प्राप्त वीडियो और स्थानीय रिपोर्ट के आधार पर इस विषय को जनहित में सामने लाया जा रहा है। संबंधित पक्षों का आधिकारिक वक्तव्य आने पर उसे भी प्रमुखता से शामिल किया जायेगा।

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page