गरियाबंद। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-130सी के किनारे स्थित कृषि भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग किये जाने की आशंका और चर्चा सामने आ रही है। उपलब्ध जानकारी एवं क्षेत्र के नक्शे के आधार पर कई अलग-अलग खसरों की भूमि में प्लॉट तैयार किये जाने की आम चर्चा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर सीमा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मजरकट्टा के कुछ खसरा नंबरों की कृषि भूमि इस मामले में चर्चा में है।
बताया जा रहा है कि नगर सीमा से लगे गांव मजरकट्टा की कृषि भूमियों में प्लॉटिंग की तैयारी अथवा भूमि को छोटे-छोटे टुकड़ों में विभाजित करने की गतिविधियां चल सकती हैं। हालांकि, इन खसरों में प्लाटिंग के लिये सक्षम विभाग से विधिवत अनुमति ली गई है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
नियमों के अनुसार कृषि भूमि का उपयोग परिवर्तित कर प्लाटिंग अथवा आवासीय प्रयोजन के लिये विकसित करने से पहले आवश्यक प्रक्रियाओं और संबंधित विभागों की अनुमति की आवश्यकता हो सकती है। ऐसे में राजस्व विभाग,नगर तथा ग्राम निवेश विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा भूमि उपयोग, डायवर्सन तथा अन्य आवश्यक अनुमतियों की जांच किये जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
लगभग 20 प्लॉट तैयार होने की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में लगभग 20 छोटे प्लॉट तैयार किये जाने की चर्चा है। नक्शे में भी कई खसरा नंबर एक-दूसरे से सटे हुये दिखाई देते हैं, जिससे पूरे मामले की जांच की मांग उठ सकती है।
उम्मीद है कि स्थानीय प्रशासन के द्वारा संबंधित खसरों का स्थल निरीक्षण कर भूमि की वास्तविक स्थिति, भूमि उपयोग और प्लाटिंग संबंधी अनुमतियों की जांच की जायेगी।
नोट : यह समाचार उपलब्ध जानकारी और क्षेत्र में चल रही चर्चा के आधार पर तैयार किया गया है। संबंधित भू-स्वामियों अथवा सक्षम विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर समाचार में उसे भी प्रमुखता से शामिल किया जायेगा।
There is no ads to display, Please add some
