गांजे की सप्लाई स्रोत तक ओडिशा पहुंची पुलिस : गांजा सप्लायर आरोपी भी गिरफ्तार
गरियाबंद / देवभोग। ऑपरेशन निश्चय के तहत गरियाबंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुये 5 अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 400 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है, के अलावा गांजा के क्रय-विक्रय में प्रयुक्त कुल 6 लाख 50 हजार रुपये नगद, एक आयशर वाहन, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जप्त किये हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 24 अगस्त की रात देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम खुटगांव स्थित अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट, NH-130C पर पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे नारंगी रंग के आयशर वाहन क्रमांक MH 06 BW 4144 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की छत पर काले तिरपाल से ढके अलग-अलग पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें गांजा पाया गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम संतोष अनंता मोहिते (49) और सुमित सुभाष थोड़वे (35) बताया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके आगे एक नीले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक OD 08 W 5814 पर दो व्यक्ति रास्ता बताते हुए चल रहे हैं। पुलिस ने मोटरसाइकिल की तलाश कर उसमें सवार पंकज अनंता मोहिते (47) और जलंधर खम्हारी (43) को पकड़ा। तलाशी के दौरान आयशर वाहन से कुल 400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से 1.50 लाख रुपये नगद, तीन मोबाइल फोन, आयशर वाहन और मोटरसाइकिल जप्त की गई।
ओडिशा पहुंची पुलिस, सप्लायर भी गिरफ्तार
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले के ग्राम डेंगागुड़ा, थाना आमपानी निवासी विनोद दिसारी (40) से प्राप्त करना बताया। पुलिस ने मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए ओडिशा पहुंचकर विनोद दिसारी को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से गांजे के क्रय-विक्रय में प्रयुक्त 5 लाख रुपये नगद जप्त किये गये।
इस तरह पुलिस ने कुल 6 लाख 50 हजार रुपये नगद बरामद किये हैं। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
ये आरोपी गिरफ्तार –
गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के संतोष अनंता मोहिते,पुणे जिले के सुमित सुभाष थोड़वे, रायगढ़ जिले के पंकज अनंता मोहिते,ओडिशा के कालाहांडी जिले के जलंधर खम्हारी तथा गांजा सप्लायर बताये गये कालाहांडी जिले के विनोद दिसारी शामिल हैं।
पुलिस ने पांचों आरोपियों के विरुद्ध NDPS Act की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
यह सामग्री हुई जप्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 400 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये), आयशर वाहन (करीब 20 लाख रुपये), ग्लैमर मोटरसाइकिल (करीब 50 हजार रुपये), तीन टच स्क्रीन मोबाइल फोन (करीब 15 हजार रुपये) तथा कुल 6.50 लाख रुपये नगद जप्त किये हैं।
There is no ads to display, Please add some
