नालियों का गंदा पानी सड़क पर, इन्ही सड़कों से गुजरना मजबूरी
गरियाबंद। गरियाबंद जिले में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर जारी है। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक सामान्य से 116 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। लगातार बारिश ने गरियाबंद नगर पालिका की वर्षा पूर्व तैयारियों और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के दावे पर सवाल खड़े कर दिये हैं।
नगर के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया है। तिरंगा चौक से रायपुर रोड की तरफ नेशनल हाईवे पर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पानी के बीच से होकर आवाजाही करनी पड़ रही है। जिस सड़क पर अस्पताल, बैंकों की कतार, पेट्रोल पंप और अन्य मुख्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान संचालित होते हैं, वहां बीच सड़क पर जल भराव वर्षों पुरानी समस्या है।

नगर के बीच गुजरती एन एच 130 सी पर, बारिश से पहले सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण का काम शुरु किया गया है,जिसकी वजह से स्थिति और दुष्कर हो गई है। कई जगह सड़क और नाली का निर्माण अधूरा पड़ा है। ऐसे में बारिश का पानी निकलने का रास्ता नहीं मिलने से सड़कें जलमग्न हो रही हैं।
गरियाबंद नगर में 12 से 15 वर्षों के बीच ड्रेनेज सिस्टम के नाम पर लाखों करोड़ों रुपये खर्च किये जा चुके हैं, किन्तु ड्रेनेज सिस्टम, किसी और सिस्टम की भेंट चढ़ गया मालूम होता है। लोगों का कहना है कि बारिश के पहले जलनिकासी की व्यवस्था पर पालिका प्रशासन द्वारा ध्यान ही नहीं दिया जाता, यही कारण है कि नगर में वर्षा ऋतु के दौरान इस तरह जलभराव की स्थिति निर्मित होती रही है।
इस बार भी बारिश ने नगर की बदहाल जलनिकासी व्यवस्था को एक बार फिर सामने ला दिया है। अधूरे निर्माण, अव्यवस्थित नालियों और बारिश पूर्व तैयारी की कमी का सीधा खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
