सैकड़ों हेक्टेयर क्षेत्र को मिलेगा पानी
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने किसानों को सिंचाई सुविधा का बेहतर लाभ देने के उद्देश्य से गरियाबंद जिले की 3 प्रमुख सिंचाई योजनाओं के लिये 11 करोड़ 4 लाख 23 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। स्वीकृत राशि से नहरों की लाइनिंग, मरम्मत और जीर्णाेद्धार के कार्य कराये जाएंगे, जिससे क्षेत्र में जल प्रबंधन में सुधार होगा, साथ ही कृषि उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्वीकृत योजनाओं में पतोरा व्यपवर्तन योजना के लिये स्वीकृत राशि 2 करोड़ 2 लाख 50 हजार रूपये से शीर्ष जीर्णाेद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य से 84.27 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई जल का लाभ मिलेगा।
इसी तरह गनियारी जलाशय योजना के लिये 4 करोड़ 66 लाख रूपये स्वीकृत की गई है। इस स्वीकृत राशि से जीर्णाेद्धार,वेस्ट वियर की मरम्मत, मुख्य नहर की रिमॉडलिंग एवं सीमेंट कंक्रीट लाइनिंग का कार्य कराया जायेगा।
इससे 144 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता का विकास होगा। इसी प्रकार ठाकुरदेव जलाशय योजना अंतर्गत 4 करोड़ 35 लाख 73 हजार रूपये स्वीकृत किये गये हैं। इस स्वीकृत राशि से शीर्ष, मुख्य नहर एवं शाखा नहरों का जीर्णाेद्धार, मरम्मत तथा लाइनिंग का कार्य कराया जायेगा, इससे 80 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।
