रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी मध्य झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ने और बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाये रहने के साथ रुक-रुककर बारिश हो सकती है।
छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। 16 अगस्त से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है।
17 अगस्त को भी अधिकांश इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। 18 और 19 अगस्त को कई जगह हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।
20 अगस्त को भी प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, लेकिन किसी विशेष चेतावनी की संभावना नहीं है।
