किरीट ठक्कर, गरियाबंद। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत डोंगरीगांव के दर्रापारा में निर्मित कचना धुरवा गोंडवाना भवन का लोकार्पण समारोह 17 जून बुधवार को आयोजित किया जा रहा है।
लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित इस भवन के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे, जबकि कृषि मंत्री रामविचार नेताम अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल सहित कई जनप्रतिनिधियों को विशेष अतिथि बनाया गया है।
हालांकि समारोह से पहले ही इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सरपंच संघ गरियाबंद के ब्लॉक अध्यक्ष कोमल देव ध्रुव ने स्थानीय प्रशासन पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के शिलालेख तथा आमंत्रण पत्र में ग्राम पंचायत डोंगरीगांव की महिला सरपंच का नाम शामिल नहीं किया गया है। इसे लेकर स्थानीय सरपंच नगीता दीवान ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि भवन उनके पंचायत क्षेत्र में निर्मित हुआ है तथा पंचायत स्तर पर इसके लिये हरसंभव सहयोग भी दिया गया, इसके बावजूद लोकार्पण समारोह में उनकी उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने इसे पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों का अपमान बताया।
सरपंच संघ के ब्लॉक अध्यक्ष कोमल देव ध्रुव ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सरपंचों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों के सम्मान के विरुद्ध बताते हुये कहा कि इस विषय पर ब्लॉक के सभी सरपंचों से चर्चा कर कार्यक्रम के बहिष्कार पर विचार किया जायेगा।
सूत्रों के अनुसार, समारोह के लिये दो प्रकार के आमंत्रण पत्र छपवाये गये हैं। प्रारंभिक आमंत्रण पत्रों में स्थानीय सरपंच का नाम नहीं था। मामला सामने आने के बाद कुछ आमंत्रण पत्रों में सरपंच नगीता दीवान का नाम जोड़े जाने की जानकारी मिली है। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
There is no ads to display, Please add some
