गरियाबंद। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल ने देश के विकास, सुशासन और राष्ट्रीय गौरव को नई दिशा दी है। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल भारत के लिये स्वर्णिम और ऐतिहासिक रहा है तथा विकसित भारत की मजबूत नींव इसी अवधि में रखी गई है।
डॉ.मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित और आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता दी है। जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि तथा मुद्रा योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान और बढ़ते विदेशी निवेश ने दुनिया में भारत की साख मजबूत की है, साथ ही सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, जनजातीय गौरव दिवस, पंचतीर्थ, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक तथा नए संसद भवन जैसे कार्यों से राष्ट्रीय गौरव को नई पहचान मिली है।
छत्तीसगढ़ के संदर्भ में डॉ.मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, रेलवे विस्तार, किसान हितैषी योजनाओं और उड़ान योजना के माध्यम से राज्य के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिये कार्य कर रही हैं।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला महामंत्री आशीष शर्मा, चंद्रशेखर साहू, जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा, जिला मीडिया प्रभारी राधेश्याम सोनवानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।







