गरियाबंद। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को सुचारू बनाने और किसानों को होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिये छत्तीसगढ़ शासन ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किये हैं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार गरियाबंद सहित प्रदेश के सभी जिलों में धान खरीदी से संबंधित फसल प्रविष्टियों, खसरों और किसानों के दावों का सत्यापन किया जायेगा।
चीरघर द्वारा उठाया गया था मामला
जारी निर्देश के अनुसार ऐसे किसान जिनके खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनके मामलों का निराकरण संबंधित समिति के माध्यम से किया जायेगा। इसके लिये एग्रीस्टैक में धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करने का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि पात्र किसानों को धान उपार्जन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खसरा मैपिंग की समय-सीमा 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है।
वहीं, ऐसे खसरे जिनमें डीसीएस के माध्यम से अन्य फसल दर्ज है, लेकिन किसान द्वारा वास्तविक रूप से धान की फसल बोने का दावा किया जा रहा है, उनका भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसी तरह डीसीएस एवं पीवी एप में फसल प्रविष्टि उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण से छूटे मामलों का भी परीक्षण किया जायेगा। इसके लिए तहसीलदार के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर वास्तविक फसल एवं फसल क्षेत्रफल का अभिलेखों से मिलान करने के निर्देश दिये गये हैं।
प्रत्येक संबंधित खसरे का मौका पंचनामा तैयार करने के साथ वास्तविक फसल स्थिति प्रमाणित करने वाले स्थल के फोटोग्राफ भी संलग्न किये जायेंगे। सत्यापन के बाद सही एवं अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित कर सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन प्राप्त करते हुये फसल प्रविष्टि एवं संशोधन की अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।
शासन ने इस पूरी प्रक्रिया को 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा कर जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इससे गरियाबंद जिले के उन किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनकी भूमि या फसल संबंधी प्रविष्टियों में त्रुटि के कारण धान खरीदी में परेशानी आ सकती है।
