गरियाबंद। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत के बाद पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। चुनाव परिणाम सामने आते ही गरियाबंद के तिरंगा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाज़ी कर विजय का जश्न मनाया।

भाजपा समर्थकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को जनता के भरोसे और समर्थन का प्रतीक बताते हुये कहा कि इस चुनाव ने फिर सिद्ध कर दिया है, कि जनता विकास और स्थिर सरकार चाहती है। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाई और विजयी नारे लगाकर अपनी खुशी व्यक्त की।
जिला महामंत्री आशीष शर्मा ने कहा कि “बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास और सुशासन के पक्ष में अपना स्पष्ट और ऐतिहासिक जनादेश दिया है। एनडीए की यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के अनुभव का परिणाम है। दोनों नेताओं ने मिलकर जनता के सामने एक मजबूत, स्थिर और विकासोन्मुख सरकार का विकल्प रखा, जिसे बिहार की जनता ने खुले दिल से स्वीकार किया।”
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एव पदाधिकारियों ने कहा कि यह जनादेश सिर्फ राजनीतिक जीत नहीं है, बल्कि सुशासन, विकास और आत्मनिर्भर बिहार के संकल्प की जीत है। उन्होंने बताया कि बिहार में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के लिये अवसरों के विस्तार को लेकर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों पर जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है। एनडीए की यह जीत देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने वाली है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, जिला प्रवक्ता राधेश्याम सोनवानी, वरिष्ठ भाजपा नेता बलदेव सिंह हुंदल, मुरलीधर सिन्हा,अनूप भोसले, मिलेश्वरी साहू, मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, मंडल अध्यक्ष धनराज विश्वकर्मा, तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







