छुरा में किराना दुकानों पर पटाखा बिक्री का विरोध, व्यापारियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि छुरा विकासखंड के अधिकांश किराना एवं फैंसी स्टोर में थोक पटाखा…..

IMG-20261014-WA0004

लायसेंसधारी पटाखा विक्रेताओं ने किराना दुकानों में बिना अनुमति पटाखा बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग का

गरियाबंद / छुरा। नगर में दीपावली के मद्देनजर पटाखा बिक्री को लेकर लायसेंसधारी पटाखा व्यापारियों ने किराना दुकानों में बिना लायसेंस पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में समस्त पटाखा व्यापारी संघ, छुरा नगर की ओर से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) छुरा को ज्ञापन सौंपकर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि छुरा विकासखंड के अधिकांश किराना एवं फैंसी स्टोर में थोक पटाखा व्यापारियों द्वारा बड़ी मात्रा में पटाखे उपलब्ध कराये जा रहे हैं। आरोप है कि कुछ दुकानदार बिना निर्धारित अनुमति एवं सुरक्षा व्यवस्था के पटाखों की बिक्री कर रहे हैं, जबकि लायसेंसधारी व्यापारियों को निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना पड़ता है।

व्यापारियों के अनुसार,नगर पंचायत छुरा एवं ग्राम पंचायतों द्वारा निर्धारित स्थलों पर पटाखा बिक्री के लिये अस्थायी पंडाल लगाने की व्यवस्था की जाती है। इसके लिये व्यापारियों को तीन से चार दिनों तक निर्धारित स्थान पर रहकर बिक्री करनी पड़ती है। अस्थायी दुकानों के लिये टेंट, बिजली, पानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर खर्च भी करना पड़ता है। इसके बावजूद किराना दुकानों में पटाखों की बिक्री होने से लायसेंसधारी व्यापारियों के कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पहले छुरा में आम नागरिक दीपावली के दौरान पटाखों की खरीदारी के लिए निर्धारित पटाखा दुकानों पर पहुंचते थे, लेकिन अब किराना दुकानों में पटाखे आसानी से उपलब्ध होने के कारण निर्धारित दुकानों से खुदरा खरीदारी में कमी आई है। इससे लायसेंसधारी पटाखा विक्रेताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि छुरा विकासखंड की किराना एवं फैंसी दुकानों में बिना वैध अनुमति पटाखों की बिक्री पर रोक लगाई जाए। साथ ही, पटाखा बिक्री से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि सभी व्यापारियों को समान अवसर मिल सके और सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित हो।

भंडारण पर भी सवाल

कुछ जानकारों की माने तो गरियाबंद जिला मुख्यालय के अलावा कुछ अन्य नगरों- कस्बों में भी किराना दुकानों में फटाखे की बिक्री की जाती है। इतना ही नही बल्कि कहीं-कहीं किराना सामान के नाम गोदामों में भारी मात्रा में पटाखे का स्टॉक रखा जाता है। नगर-गांव-बस्ती के भीतर ऐसे गोदाम किसी बड़े हादसे या दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।

ज्ञापन सौंपने वालों में छुरा नगर के पटाखा व्यापारी शामिल रहे। व्यापारियों ने प्रशासन से दीपावली के पूर्व इस मामले में उचित कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है।

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page