छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षकों की भर्ती के लिये वित्तीय स्वीकृति मिली

शिक्षकों की कमी लंबे समय से शिक्षा प्रणाली को प्रभावित कर रही थी,

छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षकों की भर्ती के लिये वित्तीय स्वीकृति मिली

5000 शिक्षकों की भर्ती से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी-मंत्री गजेन्द्र यादव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रदेश सरकार द्वारा 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगा। मंत्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्राथमिकता हमेशा से ही गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा सुनिश्चित करना रही है।

शिक्षकों की कमी लंबे समय से शिक्षा प्रणाली को प्रभावित कर रही थी, ऐसे में यह भर्ती न केवल स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिये रोजगार के हजारों नये अवसर भी उपलब्ध करायेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने आगे कहा कि इस भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता और योग्यता आधारित प्रणाली से संचालित किया जायेगा। ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा, ताकि प्रदेश के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अधिकार प्राप्त हो सके। शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल पदों की पूर्ति नहीं, बल्कि एक मजबूत, सक्षम और प्रेरणादायी शिक्षण तंत्र का निर्माण करना है।

उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से आग्रह किया कि वे उत्साह और विश्वास के साथ तैयारी करें, क्योंकि यह भर्ती प्रदेश के शैक्षणिक भविष्य को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाली सिद्ध होगी।


There is no ads to display, Please add some

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page