ई-30 टीम की बड़ी सफलता, आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर हुई कार्रवाई
गरियाबंद। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को एक और अहम कामयाबी मिली है। थाना शोभा अंतर्गत ग्राम रक्शापथरा के जंगल क्षेत्र से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गये एके-47 राइफल और 12 बोर हथियार बरामद किये गये हैं। यह कार्रवाई गरियाबंद पुलिस की ई-30 टीम द्वारा की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 19 जनवरी 2026 को गरियाबंद में आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली थी कि डीजीएन डिवीजन के नक्सलियों ने थाना शोभा क्षेत्र के जंगल में हथियार डम्प कर रखे हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों द्वारा बताए गये स्थान और उनकी निशानदेही के आधार पर 20 जनवरी 2026 को जिला पुलिस बल की विशेष टीम ई-30 को अभियान के लिये रवाना किया गया।
ई-30 टीम एवं बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम रक्शापथरा के चिन्हित जंगल क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। तलाशी के दौरान एक टेकरी के ऊपर चट्टान के किनारे नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया 01 नग एके-47 राइफल, एक खाली मैग्जीन और 01 नग 12 बोर हथियार बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद हथियार डीजीएन डिवीजन के सक्रिय नक्सलियों द्वारा डम्प किये गये थे। इस बरामदगी को नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गश्त और सर्च अभियान जारी रहेगा, ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
There is no ads to display, Please add some
