रायगढ़ फिर सामने आयी अफीम की अवैध खेती….
रायपुर (सूत्र)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक बार फिर अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया है। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौका-मुआयना के लिये रवाना हो गई है,और पूरे मामले की जांच की जा रही है ।
खास बात यह है कि रायगढ़ जिले में बीते दो दिनों में यह दूसरा मामला सामने आया है। जबकि अफीम की खेती को लेकर, यदि प्रदेश स्तर की बात करें तो 17 दिनों के भीतर यह पांचवीं बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 7 मार्च को दुर्ग, 10 मार्च को बलरामपुर के कुसमी, 12 मार्च को कोरंधा और 21 मार्च को रायगढ़ के तमनार में भी अफीम की खेती पकड़ी जा चुकी है।
लगातार अवैध अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति का पारा चढ़ा हुआ है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाये हैं, उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को अफीम गढ़ बनाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस की जांच कार्यवाही जारी है, जबकि लगातार इस प्रकार के बढ़ते मामलों ने प्रशासन की चिंता जरूर बढ़ा दी है।







